CRIME NEWSDEHRADUN

देहरादून में सड़क पर हुड़दंग और मारपीट की कोशिश, रायपुर पुलिस ने चार को हिरासत में लिया

नेहरूग्राम में देर रात हंगामा कर रहे थे युवक, पुलिस की समझाइश के बावजूद नहीं माने; शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका पर कार्रवाई

देहरादून। राजधानी देहरादून में सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। रायपुर थाना क्षेत्र के नेहरूग्राम में सड़क पर हंगामा और आपस में मारपीट करने पर उतारू चार व्यक्तियों को पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, समझाने के बावजूद युवक नहीं माने, जिसके बाद शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका के मद्देनजर कार्रवाई की गई।

 

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 अक्टूबर की रात रायपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि नेहरूग्राम के पास कुछ युवक सड़क पर एकत्र होकर हुड़दंग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां कुछ युवक शोर-शराबा करते हुए आपस में लड़ाई-झगड़ा कर रहे थे।

पुलिस ने युवकों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने और मारपीट पर उतारू हो गए। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने चारों व्यक्तियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 172(2) के तहत हिरासत में ले लिया।

हिरासत में लिए गए व्यक्तियों के नाम

पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए व्यक्तियों की पहचान गौरव जोशी (26), निवासी सुंदरवाला, रायपुर; नकूल (36), अतुल (34) और शिवम (40), निवासी नेहरूग्राम क्षेत्र के रूप में हुई है।

दून पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग कर शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है।