CRIME NEWSDEHRADUN

देहरादून में नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, दो गिरफ्तार; 4 लाख की स्मैक बरामद

सहसपुर और विकासनगर में कार्रवाई, 13.43 ग्राम स्मैक जब्त; गिरफ्तार आरोपियों में एक का आपराधिक इतिहास भी आया सामने

देहरादून, 11 अक्टूबर। राजधानी देहरादून में नशा तस्करी के खिलाफ दून पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 13.43 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत चार लाख रुपये से अधिक बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में एक पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी समेत अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर जिले में नशा तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत सहसपुर और विकासनगर पुलिस ने 10 अक्टूबर को चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

सहसपुर में 7.85 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार

सहसपुर पुलिस ने 10 अक्टूबर को केदारावाला स्थित काली मंदिर के पास चेकिंग के दौरान आदर्श (27) पुत्र स्वर्गीय जयपाल, निवासी केदारावाला, थाना सहसपुर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 7.85 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से 9,870 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

इस मामले में थाना सहसपुर में मुकदमा अपराध संख्या 262/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मुकदमा दर्ज किया गया है।

विकासनगर में 5.58 ग्राम स्मैक बरामद, आरोपी का आपराधिक इतिहास

दूसरी कार्रवाई में विकासनगर कोतवाली पुलिस ने देहरादून-पांवटा राजमार्ग से कुंजा जाने वाले मार्ग पर प्राथमिक विद्यालय के पास चेकिंग के दौरान इश्तकार (32) पुत्र स्वर्गीय अल्ताफ, निवासी कुंजा ग्रांट, विकासनगर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 5.58 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में मुकदमा अपराध संख्या 312/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में उसके पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य आपराधिक मामलों में जेल जाने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2018 में आबकारी अधिनियम की धारा 60 तथा वर्ष 2020 में भारतीय दंड संहिता की धारा 429 और गोवंश संरक्षण अधिनियम की धाराओं 3/5/11 के तहत भी मुकदमे दर्ज रहे हैं।

नशा तस्करी के खिलाफ अभियान जारी

एसएसपी देहरादून ने अधीनस्थ अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी में संलिप्त लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग और कार्रवाई लगातार जारी है।