रायपुर में सेवा संकल्प शिविर: 44 तरह की स्वास्थ्य जांच, 500 से अधिक श्रमिक परिवारों को मिलीं किट
कृषि यंत्र, मशरूम मिनीकिट और महालक्ष्मी किट भी वितरित; सीएम धामी ने जनसमस्याओं के समयबद्ध समाधान पर दिया जोर
देहरादून, 10 अक्टूबर 2026। उत्तराखंड में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और सरकारी सेवाओं को जनता के करीब लाने के उद्देश्य से शनिवार को रायपुर विधानसभा क्षेत्र के नालापानी स्थित महाराणा प्रताप सामुदायिक भवन में सेवा संकल्प अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, स्वास्थ्य मंत्री एवं देहरादून के प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल और विधायक उमेश शर्मा काऊ ने प्रतिभाग किया।

शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर रहा। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने स्वयं स्वास्थ्य परीक्षण कराया और लोगों को नियमित जांच के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। चिकित्सा शिविर में 44 प्रकार की स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे स्थानीय लोगों को अपने क्षेत्र में ही जांच कराने का अवसर मिला।
कृषि यंत्र, मशरूम मिनीकिट और महालक्ष्मी किट वितरित
विभिन्न विभागों ने शिविर के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया। कृषि विभाग ने कृषि यंत्र और मशरूम मिनीकिट वितरित कीं, जबकि बाल विकास विभाग की ओर से महालक्ष्मी किट और किशोरी किट प्रदान की गईं। श्रम विभाग ने 500 से अधिक श्रमिक परिवारों को पोषण, स्वच्छता और शिक्षा किट उपलब्ध कराईं।
सरकारी दफ्तरों के चक्कर से मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविरों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में सामने आने वाली जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को अपने काम के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
अभियान का उद्देश्य विभिन्न विभागों की सेवाओं और योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना और स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे बहुउद्देशीय शिविरों में अधिक से अधिक भागीदारी करें और कृषि, श्रम, बाल विकास, स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों की योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रतानुसार लाभ उठाएं।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित जनप्रतिनिधि और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

