देहरादून: पारिवारिक विवाद में बेटे ने चाकू से हमला कर पिता की ली जान, आरोपी गिरफ्तार
देहरादून: पारिवारिक विवाद में बेटे ने चाकू से हमला कर पिता की ली जान, आरोपी गिरफ्तार
देहरादून। राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक बेटे ने अपने ही पिता की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। घटना 9 नवंबर की शाम सहस्त्रधारा रोड स्थित चालंग-कुल्हन क्षेत्र की है। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 35 वर्षीय नितिन राणा का अपने परिवार के साथ विवाद चल रहा था। सोमवार शाम करीब 7:15 बजे नशे की हालत में उसकी अपने 62 वर्षीय पिता मदन राणा से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने घर की रसोई में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से पिता पर हमला कर दिया।

घटना की सूचना 112 के माध्यम से पुलिस को मिली। राजपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल मदन राणा को 108 एंबुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और पारिवारिक कलह के चलते पिता से उसका विवाद हुआ था। गुस्से में आकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी नितिन राणा पुत्र धर्म सिंह राणा, निवासी ग्राम चालंग, सहस्त्रधारा रोड, देहरादून को गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। मामले में पुलिस की ओर से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

