87वीं बार रक्तदान कर बुजुर्ग महिला के लिए देवदूत बने कांस्टेबल शाहनवाज
87वीं बार रक्तदान कर बुजुर्ग महिला के लिए देवदूत बने कांस्टेबल शाहनवाज
देहरादून।
भारत केसरी
मानवता और सेवा की मिसाल पेश करते हुए दून पुलिस के एक जवान ने गंभीर रूप से बीमार बुजुर्ग महिला की मदद के लिए स्वेच्छा से रक्तदान किया। पुलिस कार्यालय देहरादून में तैनात कांस्टेबल शाहनवाज ने हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में उपचाराधीन वृद्धा को रक्तदान कर उनकी जान बचाने में मदद की।

जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर को व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सूचना मिली थी कि अस्पताल में भर्ती एक बुजुर्ग महिला की प्लेटलेट्स घटकर महज 4 हजार रह गई हैं और उपचार के लिए तत्काल रक्त की आवश्यकता है।
सूचना मिलते ही कांस्टेबल शाहनवाज बिना देरी किए अस्पताल पहुंचे और स्वेच्छा से रक्तदान कर महिला की सहायता की। उनके इस मानवीय प्रयास पर बुजुर्ग महिला के परिजनों ने दून पुलिस का आभार जताते हुए पुलिसकर्मी की सराहना की।
खास बात यह है कि कांस्टेबल शाहनवाज अब तक 86 बार रक्तदान कर चुके हैं। इस बार 87वीं बार रक्तदान कर उन्होंने एक बार फिर मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की है।
दून पुलिस के इस जवान का समर्पण बताता है कि वर्दी में रहकर कानून व्यवस्था संभालने के साथ-साथ मानवता की सेवा भी पुलिस की जिम्मेदारी का अहम हिस्सा है।

