CRIME NEWSUttrakhand

ऋषिकेश में मोबाइल शॉप में लाखों की चोरी का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार

ऋषिकेश में मोबाइल शॉप का शटर तोड़कर लाखों की चोरी, चार आरोपी गिरफ्तार

 

30 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप और आईपैड बरामद, चोरी में इस्तेमाल दो बाइक सीज

 

देहरादून/ऋषिकेश।

भारत केसरी

 

ऋषिकेश में मोबाइल शॉप का शटर तोड़कर लाखों रुपये का सामान चोरी करने के मामले में दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 30 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप, एक एप्पल आईपैड और अन्य सामान बरामद किया है। वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलों को भी सीज कर दिया गया है।

 

पुलिस के मुताबिक, 6 नवंबर 2026 को शिवाजी नगर निवासी अश्वनी गुप्ता ने कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई थी कि ऋषिकेश-हरिद्वार रोड स्थित गीतानगर गली नंबर-10 के बाहर उनकी गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोर विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, एचपी कंपनी के लैपटॉप और डेमो फोन चोरी कर ले गए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र सक्रिय कर पूर्व में इस तरह की घटनाओं में शामिल रहे संदिग्धों का सत्यापन किया।

 

जांच के दौरान 9 नवंबर को नटराज चौक के पास मनसा देवी फाटक के निकट बाइपास रोड पर चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर चारों आरोपियों को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिन दास निवासी रायवाला, अभिषेक थापा निवासी प्रतीत नगर रायवाला, योगेंद्र उर्फ दीपक निवासी ज्वालापुर हरिद्वार और रोहन निवासी लालतप्पड़ डोईवाला के रूप में हुई है।

 

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में कुछ का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। अभिषेक थापा और रोहन के खिलाफ पहले भी चोरी समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

 

बरामदगी में 30 मोबाइल फोन, तीन एचपी लैपटॉप, एक एप्पल आईपैड और दुकान से चोरी किया गया नीले रंग का बैग शामिल है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई दो हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलों को भी पुलिस ने सीज किया है।

 

इस कार्रवाई को अंजाम देने में कोतवाली ऋषिकेश और एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।