Uttrakhand

हरक सिंह के संन्यास की धमकी सहानुभूति बटोरने का पाखंड: महेंद्र भट्ट

हरक सिंह के संन्यास की धमकी सहानुभूति बटोरने का पाखंड: महेंद्र भट्ट

 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस से हरक को पार्टी और पदों से निष्कासित करने की मांग की

 

देहरादून, 10 नवंबर।

भारत केसरी

पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत के राजनीति से संन्यास लेने संबंधी बयान पर उत्तराखंड की सियासत गरमा गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने हरक सिंह रावत के बयान को सहानुभूति बटोरने का राजनीतिक ड्रामा और पाखंड करार दिया है। उन्होंने कांग्रेस से मांग की कि जब तक हरक सिंह रावत निर्दोष साबित नहीं हो जाते, तब तक उन्हें पार्टी और संगठनात्मक पदों से अलग किया जाना चाहिए।

Oplus_16908288

मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि जिन नेताओं को जनता दोषी मानती है, उन्हें राजनीति से संन्यास लेने की धमकी देने की जरूरत नहीं पड़ती, बल्कि जनता खुद ही उन्हें राजनीति से बेदखल कर देती है। उन्होंने इसके उदाहरण के तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और कांग्रेस पार्टी का उल्लेख किया।

 

भट्ट ने कांग्रेस नेतृत्व और हरक सिंह रावत की नैतिकता पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि कांग्रेस में नैतिकता बची है तो जांच पूरी होने और अंतिम सच सामने आने तक हरक सिंह रावत को उनके पदों से अलग किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ऐसा करने से बच रही है, क्योंकि इस तरह का मानदंड अपनाने पर पार्टी के कई अन्य नेताओं पर भी कार्रवाई करनी पड़ सकती है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पूरे मामले में कानून को अपना काम करने देना चाहिए। पुलिस निष्पक्षता से जांच करेगी और सच्चाई जल्द सामने आएगी। साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि वे पीड़िता के सम्मान और मामले की संवेदनशीलता को प्रभावित करने वाली बयानबाजी से बचें।

 

हरक प्रकरण पर भाजपा के इस हमले के बाद उत्तराखंड में राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।