Uttrakhand

महिला न्याय के मुद्दे पर भाजपा-कांग्रेस मौन, मातृशक्ति को बनाया राजनीति का विषय: उमा गौड़ सिसोदिया

महिला न्याय के मुद्दे पर भाजपा-कांग्रेस मौन, मातृशक्ति को बनाया राजनीति का विषय: उमा गौड़ सिसोदिया

 

भाजपा-कांग्रेस के खिलाफ आप का प्रदर्शन, पुतले छीनकर पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष समेत कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया

 

देहरादून, 10 नवंबर।

उत्तराखंड में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा और कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया के नेतृत्व में आप कार्यकर्ताओं ने दोनों दलों के पुतले दहन करने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस ने पुतले अपने कब्जे में ले लिए और उमा गौड़ सिसोदिया समेत कई आप कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचा दिया।

प्रदर्शन के दौरान उमा गौड़ सिसोदिया ने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य मातृशक्ति के संघर्ष, त्याग और बलिदान से बना है, लेकिन आज महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के सवाल पर दोनों राष्ट्रीय दलों का रवैया निराशाजनक है।

 

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस महिला सम्मान की बातें तो करती हैं, लेकिन जब महिलाओं को न्याय दिलाने की बात आती है तो दोनों दल एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाकर अपनी जिम्मेदारी से बचने लगते हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों के साथ अन्याय के गंभीर मामलों को राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए।

 

आप प्रदेश अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि आखिर उत्तराखंड की महिलाओं को न्याय कब मिलेगा? उन्होंने कहा कि महिलाओं को न्याय दिलाना किसी राजनीतिक दल की कृपा नहीं, बल्कि सरकार और व्यवस्था की संवैधानिक जिम्मेदारी है।

 

उमा गौड़ सिसोदिया ने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय की लड़ाई सड़क से लेकर हर लोकतांत्रिक मंच तक जारी रखेगी। वहीं, प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई पर आप कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताते हुए इसे लोकतांत्रिक विरोध की आवाज दबाने का प्रयास बताया।

 

प्रदर्शन में छात्र इकाई अध्यक्ष अक्षय शर्मा, युवा मोर्चा अध्यक्ष हिमांशु पुंडीर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी ने दोहराया कि महिलाओं को न्याय दिलाने की मांग को लेकर उसका आंदोलन जारी रहेगा।

 

महिला सुरक्षा और न्याय के मुद्दे पर भाजपा-कांग्रेस को घेरते हुए आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड की राजनीति में नया सियासी मोर्चा खोल दिया है।