उत्तराखंड STF का बड़ा कदम, अब 1930 कंट्रोल रूम में तैनात रहेंगे SBI के नोडल अधिकारी
उत्तराखंड STF का बड़ा कदम, अब 1930 कंट्रोल रूम में तैनात रहेंगे SBI के नोडल अधिकारी
देहरादून।
भारत केसरी
उत्तराखंड में बढ़ते साइबर वित्तीय अपराधों पर अंकुश लगाने और ठगी के शिकार लोगों की मेहनत की कमाई को सुरक्षित कराने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने नई पहल की है। अब साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए देहरादून स्थित साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के 1930 कंट्रोल रूम में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के नोडल अधिकारी की तैनाती की गई है।

इस पहल का उद्देश्य साइबर पुलिस और बैंकिंग संस्थानों के बीच सीधा समन्वय स्थापित करना है, ताकि धोखाधड़ी के जरिए खातों में पहुंची रकम को दूसरे खातों में ट्रांसफर होने से पहले होल्ड या फ्रीज कराने की प्रक्रिया तेज की जा सके।
STF के मुताबिक, उत्तराखंड स्टेट साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (US4C) के अंतर्गत स्थापित फ्रॉड मिटिगेशन सेंटर (CFMC) के माध्यम से बैंक अधिकारियों और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल बनाया जा रहा है। इसके तहत संदिग्ध बैंक खातों की पहचान, ठगी की रकम के लेन-देन और मनी ट्रेल यानी धनराशि की लेयरिंग का विश्लेषण कर जांच के लिए जरूरी बैंकिंग एवं वित्तीय जानकारियां जुटाई जाएंगी।
दरअसल, साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। ठगी के बाद साइबर अपराधी रकम को तेजी से अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करने का प्रयास करते हैं। ऐसे में पुलिस और बैंक के बीच तत्काल समन्वय होने से पीड़ित की रकम को समय रहते सुरक्षित कराने की संभावना बढ़ सकती है।
STF की इस व्यवस्था से शिकायतों पर कार्रवाई में तेजी आने, बैंकिंग संबंधी जानकारी शीघ्र उपलब्ध होने और साइबर अपराधों की जांच को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
एसटीएफ ने यह भी बताया कि भविष्य में अन्य प्रमुख बैंकों के नोडल अधिकारियों को भी US4C भवन में एक ही स्थान पर तैनात करने की योजना है, जिससे पुलिस और बैंकों के बीच एकीकृत व्यवस्था विकसित की जा सके।
वहीं, STF ने आमजन से अपील की है कि साइबर वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट करें। समय पर शिकायत दर्ज कराने से ठगी की रकम को सुरक्षित कराने की संभावना बढ़ सकती है।

