शीतकाल के लिए बंद हुए बाबा केदार के कपाट, यात्रा का समापन
भारत केसरी न्यूज़, केदारनाथ।
विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसी के साथ वर्ष 2026 की केदारनाथ धाम यात्रा का विधिवत समापन हो गया।
बुधवार तड़के सुबह चार बजे से ही कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया विशेष पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई। मुख्य पुजारी और तीर्थ पुरोहितों ने परंपरानुसार धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। शुभ मुहूर्त में सुबह 8:30 बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ बंद कर दिए गए।
इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के अंतिम दर्शनों के लिए धाम पहुंचे। पूरा केदारपुरी क्षेत्र हर-हर महादेव और जय बाबा केदार के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भावुक मन से बाबा केदार को शीतकाल के लिए विदाई दी।

कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हो गई। परंपरा के अनुसार डोली का पहला रात्रि प्रवास रामपुर में होगा। 12 नवंबर को डोली गुप्तकाशी पहुंचेगी, जबकि 13 नवंबर को ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान होगी।
अब आगामी छह माह तक बाबा केदार की शीतकालीन पूजा-अर्चना और दर्शन ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में होंगे।
बाबा केदार के धाम में भले ही शीतकालीन विराम लग गया हो, लेकिन आस्था का सिलसिला जारी रहेगा। श्रद्धालुओं ने बाबा केदार से देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए विदाई ली।

