देहरादून में 14 लाख की लूट में बजरंग दल के दो आरोपी गुप्तकाशी से गिरफ्तार, 82 हजार रुपये बरामद
देहरादून , भारत केसरी
देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में 14 लाख रुपये की लूट के मामले में दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना में शामिल दो और फरार आरोपियों को रुद्रप्रयाग के गुप्तकाशी से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम के 82 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। इस मामले में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि पुलिस ने कुल 3 लाख 2 हजार रुपये बरामद किए हैं।
दरअसल, 7 नवंबर को राजेश कुमार सोनी अपने साथियों के साथ प्लॉट के सौदे के सिलसिले में 14 लाख रुपये लेकर जा रहे थे। इसी दौरान इंद्रेश अस्पताल के पास कुछ युवकों ने उनके साथ मारपीट कर रुपयों से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए।
मामले में पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके बाद दो अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने सलाखों के पीछे भेजा।

वहीं, फरार चल रहे बजरंग दल के दो आरोपियों सिद्धांत बडोनी और दीपक सिंह शेखावत को पुलिस ने सुरागरसी, पतारसी और सर्विलांस की मदद से गुप्तकाशी, रुद्रप्रयाग से गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से क्रमशः 40 हजार और 42 हजार रुपये बरामद हुए।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अब तक सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और कुल 3 लाख 2 हजार रुपये की बरामदगी की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।

