Uttrakhand

ऋषिकेश में बंदरों के आतंक और बदहाल सड़कों का मुद्दा उठा, प्रेमचंद अग्रवाल ने वन मंत्री सुबोध उनियाल से की मुलाकात

ऋषिकेश।  भारत केसरी

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में बंदरों के बढ़ते आतंक और वन विभाग के अधीन सड़कों की बदहाल स्थिति का मुद्दा विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने वन मंत्री सुबोध उनियाल के समक्ष उठाया। उन्होंने दोनों समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

गत दिवस ऋषिकेश में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान डॉ. अग्रवाल ने वन मंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बंदरों की बढ़ती संख्या से आमजन परेशान हैं। विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को बंदरों के हमलों एवं उत्पात के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने का आग्रह किया।

इसके अलावा डॉ. अग्रवाल ने विधानसभा क्षेत्र में वन विभाग के अधीन आने वाली सड़कों के निर्माण और सुधारीकरण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने इन कार्यों के लिए कैम्पा (CAMPA) योजना के माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

विधायक के आग्रह पर वन मंत्री सुबोध उनियाल ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित डीएफओ से फोन पर वार्ता की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डॉ. अग्रवाल ने वन मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों और शासन स्तर पर लगातार प्रयास जारी रहेंगे।