रेखा आर्य को करन माहरा की खुली चुनौती, बोले- 210 करोड़ की कथित संपत्ति पर दस्तावेजों के साथ दें जवाब
देहरादून।
भारत केसरी
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज होती नजर आ रही है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा ने रेखा आर्य को खुली सार्वजनिक बहस की चुनौती देते हुए उनके आरोपों और कथित संपत्ति से जुड़े सवालों पर जवाब मांगा है।

करन माहरा ने कहा कि रेखा आर्य लगातार कांग्रेस नेताओं और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर आरोप लगा रही हैं, लेकिन एक कैबिनेट मंत्री के तौर पर उनके बयानों की विश्वसनीयता के लिए ठोस दस्तावेज और प्रमाण भी सामने आने चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि बरेली के कथित फार्महाउस और 210 करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर उठे सवालों पर मंत्री का क्या जवाब है?
माहरा ने रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू के नाम से सार्वजनिक हुए एक वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि उसमें मंत्री के विरुद्ध गंभीर आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने फार्महाउस के स्वामित्व, निर्माण और बरेली विकास प्राधिकरण से मिली स्वीकृतियों को सार्वजनिक करने की मांग की। हालांकि, उन्होंने इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने पर भी जोर दिया।
कांग्रेस नेता ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से कथित 210 करोड़ रुपये की संपत्ति से जुड़े मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही भाजपा से पूछा कि क्या वह इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से जांच कराने के पक्ष में है।
अंकिता भंडारी प्रकरण पर भी घेरा
करन माहरा ने अपने बयान में अंकिता भंडारी प्रकरण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता की ओर से कथित वीआईपी के संबंध में दुष्यंत गौतम का नाम लेकर आरोप लगाए गए थे। परिवार ने उनकी राज्यपाल पद पर नियुक्ति का विरोध करते हुए दिल्ली में अपनी बात रखी थी।
माहरा ने सवाल किया कि इंडिया गेट और राजघाट पर प्रदर्शन के दौरान अंकिता के माता-पिता को पुलिस द्वारा हटाए जाने के मामले में रेखा आर्य की क्या प्रतिक्रिया थी? क्या उन्होंने पीड़ित परिवार से बातचीत की, उनकी आपत्तियां सुनीं या सरकार के समक्ष उनकी मांगें रखीं?
खुले मंच पर बहस की चुनौती
करन माहरा ने रेखा आर्य को सार्वजनिक मंच पर बहस की चुनौती देते हुए कहा कि बहस की तारीख और स्थान वह स्वयं तय करें। रेखा आर्य हरीश रावत के खिलाफ लगाए गए आरोपों के प्रमाण लेकर आएं और अपने ऊपर उठे सवालों का जवाब भी दें, ताकि प्रदेश की जनता दोनों पक्षों को सुनकर अपना फैसला कर सके।
माहरा ने कहा कि विपक्ष से जवाबदेही की अपेक्षा करने वाले नेताओं को अपने ऊपर उठ रहे सवालों का जवाब देने का साहस भी दिखाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरीश रावत पर बोलते समय रेखा आर्य की आवाज पूरे प्रदेश में सुनाई देती है, इसलिए अंकिता भंडारी के माता-पिता को भी उसी स्पष्टता से उनका जवाब सुनने का अधिकार है।

