रेलवे रोड पर निर्माणाधीन नाले में मिली खामियां, महापौर शंभू पासवान ने दिए जांच के आदेश; ठेकेदार पर होगी कार्रवाई
रेलवे रोड पर निर्माणाधीन नाले में मिली खामियां, महापौर शंभू पासवान ने दिए जांच के आदेश; ठेकेदार पर होगी कार्रवाई
ऋषिकेश।
भारत केसरी
रेलवे रोड स्थित एसबीआई बैंक के पास निर्माणाधीन नाले के कार्य में सामने आई कमियों को लेकर महापौर शंभू पासवान ने संज्ञान लिया है। महापौर ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने नाले के निर्माण की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य में सामने आई कमियों के संबंध में जानकारी लेते हुए पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने को कहा।
महापौर ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि जांच में लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ-साथ पाई गई कमियों को तत्काल दूर कराने के निर्देश भी दिए।
महापौर ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। निर्माण कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाएगी।

