DEHRADUNDM DEHRADUN

आईटी पार्क को जलभराव से मिलेगी स्थायी निजात! 38 करोड़ का ड्रेनेज प्लान तैयार

 

 

देहरादून।

भारत केसरी

सहस्रधारा स्थित आईटी पार्क क्षेत्र में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार की है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में आईटी पार्क के ड्रेनेज सिस्टम और रिस्पना नदी के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की गई।

प्रस्तावित कार्ययोजना के तहत आईटी पार्क क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान पर करीब 38 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, राजपुर क्षेत्र में रिस्पना नदी के कैनाल, रिवरफ्रंट और इको पार्क के विकास के लिए लगभग 2 करोड़ 74 लाख रुपये की योजना तैयार की गई है।

 

जिलाधिकारी ने रिस्पना रिवरफ्रंट और इको पार्क के विकास के लिए जिला योजना एवं डीएमएफ फंड से धनराशि स्वीकृत करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। वहीं, आईटी पार्क ड्रेनेज सिस्टम की करीब 38 करोड़ रुपये की कार्ययोजना शासन को भेजने को कहा।

 

बैठक में विशेषज्ञों ने तकनीकी सर्वेक्षण के आधार पर जलभराव की समस्या के समाधान का प्लान प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि समाधान केवल तात्कालिक राहत तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि प्राकृतिक जल निकासी मार्गों, भौगोलिक परिस्थितियों और वर्षा जल के प्रवाह का वैज्ञानिक आकलन करते हुए दीर्घकालिक व्यवस्था विकसित की जाए।

 

प्रशासन की इस पहल से आईटी पार्क क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान और रिस्पना नदी के सौंदर्यीकरण की दिशा में आगे बढ़ने की उम्मीद है।