अंकिता प्रकरण पर कांग्रेस का भाजपा से सवाल, धस्माना बोले- राहत राशि अपराध की माफी नहीं
अंकिता भंडारी प्रकरण: लैंसडौन विधायक के बयान पर कांग्रेस का पलटवार, सूर्यकांत धस्माना बोले- पीड़ित परिवार को राहत राशि देना अपराध की माफी नहीं
देहरादून।
भारत केसरी
अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर उत्तराखंड की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। लैंसडौन विधायक दिलीप रावत के बयान पर कांग्रेस ने भाजपा को घेरते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने विधायक के बयान को घाव पर नमक छिड़कने वाला बताते हुए इसे भाजपा की महिला विरोधी मानसिकता का परिचायक करार दिया।

धस्माना ने सवाल उठाया कि क्या अंकिता भंडारी के परिवार को दी गई मुआवजा राशि इस शर्त पर दी गई थी कि परिवार प्रकरण में कथित वीआईपी की भूमिका का खुलासा करने की मांग नहीं करेगा? उन्होंने भाजपा से इस सवाल पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की।
कांग्रेस नेता ने कहा कि पीड़ित परिवार को दी गई राहत राशि भाजपा के खाते से नहीं, बल्कि सरकारी खजाने से दी गई है। यह जनता की खून-पसीने की कमाई है। ऐसे में राहत राशि का उल्लेख कर परिवार के दर्द और न्याय की मांग को नजरअंदाज करना उचित नहीं है।
धस्माना ने आरोप लगाया कि भाजपा बार-बार किसी न किसी बहाने अंकिता भंडारी प्रकरण में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर उठ रहे सवालों से ध्यान भटकाने और संबंधित व्यक्ति को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले में न्याय की मांग लगातार उठाती रहेगी।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के सत्ता में लौटने पर अंकिता भंडारी प्रकरण की निष्पक्ष पैरवी सुनिश्चित कराई जाएगी और दोषियों को सजा दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय और कथित वीआईपी की भूमिका का सवाल एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में है।

