प्रसून जोशी से मिले CM धामी, उत्तराखंड की लोकसंस्कृति को मिलेगी राष्ट्रीय पहचान।
मुख्यमंत्री धामी से मिले प्रसून जोशी, उत्तराखंड की लोकसंस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाने पर चर्चा
देहरादून। भारत केसरी
प्रसार भारती के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध गीतकार, कवि और लेखक प्रसून जोशी ने मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, कला, साहित्य, संगीत और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान राज्य की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, लोक परंपराओं और यहां की रचनात्मक प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, लोकगीत, लोककला और पारंपरिक विरासत प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। राज्य सरकार इनके संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने साहित्य, गीत लेखन, सिनेमा और रचनात्मक जगत में प्रसून जोशी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि कला और साहित्य समाज की संवेदनाओं तथा सांस्कृतिक मूल्यों को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम हैं। इनके जरिए देश की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सकता है।
बैठक में उत्तराखंड की लोककला और लोकसंस्कृति को संचार एवं प्रसारण के विभिन्न माध्यमों से राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक पहचान दिलाने तथा प्रदेश की सांस्कृतिक विशेषताओं को देश के सामने प्रस्तुत करने के विषय पर भी चर्चा हुई।
इस मुलाकात को उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और लोक प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

