सर्दियों से पहले डीएम आशीष चौहान अलर्ट, अलाव-कंबल से लेकर स्नो कटर तक की तैयारी के निर्देश
देहरादून।
भारत केसरी
आगामी शीतकाल और संभावित शीतलहर एवं बर्फबारी को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में शीतलहर से बचाव के लिए सार्वजनिक स्थानों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अस्पतालों के आसपास अलाव जलाने तथा जरूरतमंद, निराश्रित और असहाय लोगों को कंबल वितरित करने पर विशेष जोर दिया गया। डीएम ने सभी रैन बसेरों में बिस्तर, कंबल, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश, शौचालय और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को दुर्गम क्षेत्रों में तीन माह का खाद्यान्न अग्रिम रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए, ताकि बर्फबारी के दौरान सड़कें बंद होने की स्थिति में स्थानीय लोगों को आवश्यक वस्तुओं की कमी न हो। वहीं, स्वास्थ्य विभाग को पर्वतीय क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं का समय से चिन्हीकरण कर उन्हें नजदीकी चिकित्सालयों के आसपास सुरक्षित स्थानों पर रखने की व्यवस्था करने को कहा।
आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी डीएम ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। अस्पतालों में जीवनरक्षक दवाइयां, चिकित्सा उपकरण, एंबुलेंस और चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ दूरस्थ क्षेत्रों में त्वरित चिकित्सा सहायता की व्यवस्था करने को कहा गया।
वहीं, बर्फबारी के दौरान सड़कों पर आवागमन सुचारू रखने के लिए जेसीबी, स्नो कटर और स्नो ब्लोअर सहित आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील मार्गों पर चेतावनी संकेतक लगाने और सड़क बंद होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित करने को कहा गया।
इसके अलावा पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा, संभावित रूप से अवरुद्ध होने वाले ट्रेकिंग मार्गों की पहचान, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति तथा पशुओं के लिए सुरक्षित आश्रय और पर्याप्त चारे की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शीतकालीन तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समय रहते व्यवस्थाएं पूरी करें, ताकि शीतलहर, बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम के दौरान जनपदवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

