इगास के रंग में रंगे बंशीधर तिवारी, पहाड़ी गीतों पर जमकर थिरके; मनवीर चौहान ने भी मिलाए कदम
इगास के रंग में रंगे बंशीधर तिवारी, पहाड़ी गीतों पर जमकर थिरके; मनवीर चौहान ने भी मिलाए कदम
देहरादून।
भारत केसरी
उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं का उत्साह इगास बग्वाल के अवसर पर देहरादून में देखने को मिला। बंजारावाला स्थित गंगोत्री विहार में आयोजित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में सूचना महानिदेशक एवं MDDA के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी पूरी तरह पहाड़ी रंग में नजर आए। पारंपरिक लोकगीतों की धुन पर उन्होंने जमकर नृत्य किया और कार्यक्रम में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने भी उनके साथ कदम से कदम मिलाए।

कार्यक्रम में बंशीधर तिवारी की सहज सहभागिता आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने कहा कि रोजगार और बेहतर अवसरों की तलाश में उत्तराखंड के लोग भले ही देश-दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में पहुंच गए हों, लेकिन अपनी संस्कृति, सभ्यता और जड़ों से जुड़े रहना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि इगास जैसे पारंपरिक लोकपर्व उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान हैं। ऐसे आयोजन न केवल हमारी परंपराओं को जीवंत रखते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने और समाज में आपसी मेलजोल बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
पहाड़ी लोकगीतों पर बंशीधर तिवारी के थिरकने और मनवीर चौहान की सहभागिता ने कार्यक्रम में उत्साह भर दिया। इस आयोजन के जरिए संदेश दिया गया कि अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखने के लिए जरूरी है कि हम उन पर गर्व करें और उन्हें अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।

