Uttrakhand

जौलजीबी मेले में कांग्रेस विधायक के हंगामे पर भाजपा हमलावर, महेंद्र भट्ट बोले- विपक्ष का असली अराजक चेहरा आया सामने

जौलजीबी मेले में कांग्रेस विधायक के हंगामे पर भाजपा हमलावर, महेंद्र भट्ट बोले- विपक्ष का असली अराजक चेहरा आया सामने

 

देहरादून।

भारत केसरी

पिथौरागढ़ के जौलजीबी मेले में कांग्रेस विधायक पर मारपीट और हंगामा करने के आरोपों को लेकर उत्तराखंड की सियासत गरमा गई है। भाजपा ने इस घटना को शर्मनाक बताते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक का व्यवहार विपक्ष की अराजक और अलोकतांत्रिक राजनीति को उजागर करता है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस नेताओं और विधायकों के व्यवहार में पिछले दस वर्षों में भी कोई बदलाव नहीं आया है। उन्होंने कहा कि देवभूमि की जनता और उसकी चुनी हुई सरकार ऐसी गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं करेगी। इस मामले में कानूनी और लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा।

 

भट्ट ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों और सरकार की लोकप्रियता से विपक्ष बौखलाया हुआ है। यही वजह है कि कांग्रेस लगातार झूठ, भ्रम और अफवाहों की राजनीति कर प्रदेश का माहौल खराब करने का प्रयास कर रही है।

 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि यदि पार्टी में नैतिकता और साहस बचा है तो उसे तत्काल अपने विधायक के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विधायक के कथित कृत्य पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए और जनता भी आगामी चुनाव में इसका जवाब देगी।

 

महेंद्र भट्ट ने आगे कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस नेताओं के आचरण और उनकी राजनीति को देख रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विकास के मुद्दों पर जवाब देने के बजाय नकारात्मक और षड्यंत्र की राजनीति कर रही है।

 

भाजपा ने साफ किया कि जौलजीबी मेले की घटना को लेकर पार्टी चुप नहीं बैठेगी और लोकतांत्रिक एवं कानूनी तरीके से इस मुद्दे को उठाएगी।