बाल दिवस पर विधायक प्रेमचंद अग्रवाल की सौगात, स्कूल को फर्नीचर के लिए विधायक निधि से देंगे 5 लाख रुपये
बाल दिवस पर विधायक प्रेमचंद अग्रवाल की सौगात, स्कूल को फर्नीचर के लिए विधायक निधि से देंगे 5 लाख रुपये
ऋषिकेश।
भारत केसरी
बाल दिवस के अवसर पर ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, आईडीपीएल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में फर्नीचर की आवश्यकता को देखते हुए विधायक निधि से 5 लाख रुपये देने की घोषणा की।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. अग्रवाल ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय पंडित जवाहरलाल नेहरू एवं मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।

इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में विभिन्न सदनों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों की रचनात्मकता, प्रतिभा एवं प्रस्तुतियों की सराहना की। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले गौरा देवी सदन और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले सीवी रमन सदन सहित अन्य प्रतिभागियों को सम्मानित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत कर उनका उत्साह बढ़ाया।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में फर्नीचर की व्यवस्था के लिए विधायक निधि से 5 लाख रुपये दिए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उनमें अच्छे संस्कार विकसित करने में परिवार और विद्यालय दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विद्यालय परिसर में लगाए गए खाद्य पदार्थों के स्टॉलों का भी अवलोकन किया और विद्यार्थियों की पहल की सराहना की।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्णानंद बिजल्वाण, पीटीए संघ अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, पूर्व अध्यापिका विभा कपूर, गंभीर सिंह तड़ियाल, आईडीपीएल के पूर्व जनसंपर्क अधिकारी कैलाश चंद्र जोशी, हॉकी कोच ओम प्रकाश गुप्ता, कार्यक्रम संचालक एवं पीटीआई पंकज सती, प्रवक्ता नरेंद्र रावत, एनएससी इंचार्ज सुशील रावत सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

