देहरादून में छठ पूजा को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी, 15 और 16 नवंबर को कई रूट रहेंगे डायवर्ट
देहरादून में छठ पूजा को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी, 15 और 16 नवंबर को कई रूट रहेंगे डायवर्ट
देहरादून। भारत केसरी
छठ पूजा के पर्व को देखते हुए देहरादून पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। यह प्लान 15 और 16 नवंबर 2026 को लागू रहेगा। नंदा की चौकी और प्रेमनगर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए कई मार्गों पर वाहनों का रूट डायवर्ट किया गया है।

पुलिस के अनुसार, देहरादून से सहसपुर और विकासनगर जाने वाले वाहनों को प्रेमनगर से न्यू एक्सप्रेस-वे होते हुए सिंघनीवाला की ओर भेजा जाएगा। वहीं, देहरादून शहर से नंदा की चौकी स्थित छठ पूजा स्थल पर जाने वाले श्रद्धालु रांघड़वाला तिराहा और प्रेमनगर चौक होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
भाऊवाला से प्रेमनगर जाने वाले वाहनों के लिए सुद्धोवाला चौक, बालाजी धाम कट और ठाकुरपुर रोड का रूट निर्धारित किया गया है। इसी तरह बिधोली से प्रेमनगर जाने वाले वाहन नंदा की चौकी, सुद्धोवाला चौक, बालाजी धाम कट और ठाकुरपुर रोड से होकर गुजरेंगे। प्रेमनगर से झाझरा, सुद्धोवाला और बिधोली जाने वाले वाहनों को ठाकुरपुर रोड और बालाजी धाम के रास्ते भेजा जाएगा।
इसके अलावा धूलकोट तिराहे से भारी वाहनों को सिंघनीवाला की ओर डायवर्ट किया जाएगा, जहां से वाहन बड़ोंवाला होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
पुलिस ने निर्धारित किए पार्किंग स्थल
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस ने पार्किंग की व्यवस्था भी की है। इसके तहत सुभारती कॉलेज पार्किंग, उत्तरांचल यूनिवर्सिटी के पास घाट, नंदा की चौकी पेट्रोल पंप के पास, आसन नदी तट, चंद्रबनी हॉट बाजार ग्राउंड और मालदेवता रोड नदी क्षेत्र के खाली मैदान में वाहनों की पार्किंग की जा सकेगी।
नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 1500 रुपये जुर्माना
देहरादून पुलिस ने लोगों से अपील की है कि छठ पूजा के दौरान अनावश्यक रूप से निजी वाहनों का इस्तेमाल न करें और अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन जैसे विक्रम, ऑटो और सिटी बस का प्रयोग करें। नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर ट्रैफिक क्रेन से वाहन टो किया जाएगा और 1500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक मार्गों, तिराहों और चौराहों पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने, समय रहते खरीदारी पूरी करने और अंतिम समय की भीड़ से बचने की अपील की है। हालांकि, एंबुलेंस, पुलिस और अग्निशमन जैसी आवश्यक सेवाओं के वाहनों को किसी भी प्रकार से रोका या डायवर्ट नहीं किया जाएगा।
नंदा की चौकी और प्रेमनगर क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ने पर स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार ट्रैफिक प्लान में बदलाव भी किया जा सकता है। देहरादून पुलिस ने शहरवासियों से छठ पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

