किशनपुर में भाजपा का शक्ति केंद्र सम्मेलन, मंत्री गणेश जोशी ने कार्यकर्ताओं को दिया घर-घर पहुंचने का मंत्र
किशनपुर में भाजपा का शक्ति केंद्र सम्मेलन, मंत्री गणेश जोशी ने कार्यकर्ताओं को दिया घर-घर पहुंचने का मंत्र
देहरादून।
भारत केसरी
राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत मसूरी विधानसभा क्षेत्र के शहीद दुर्गा मल्ल मंडल की ओर से किशनपुर में शक्ति केंद्र सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने प्रतिभाग कर कार्यकर्ताओं से संवाद किया और संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, समर्पण और जनसेवा के भाव के कारण ही भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हमें राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले आंदोलनकारियों और प्रदेश की विकास यात्रा में योगदान देने वाले सभी लोगों को याद करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का मूल मंत्र अंत्योदय है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कैबिनेट मंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं। साथ ही जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करें। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और जनता का विश्वास ही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है।
मंत्री ने कार्यकर्ताओं से सेवा, समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ प्रदेश एवं देश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
इस अवसर पर मंडल महामंत्री अल्का कुल्हान, विस्तारक मनवीर सिंह नेगी, देवेंद्र सिंह रावत, जितेंद्र सिंह रावत सहित शक्ति केंद्र के कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

