मैं पहाड़ों कु रैबासी’ गीत पर झूम उठे दर्शक, सौरभ मैठाणी ने स्वदेशी महोत्सव में बांधा समां
‘मैं पहाड़ों कु रैबासी’ गीत पर झूम उठे दर्शक, सौरभ मैठाणी ने स्वदेशी महोत्सव में बांधा समां
देहरादून।
भारत केसरी
रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित दस दिवसीय स्वदेशी महोत्सव में शनिवार को लोक संस्कृति और संगीत का शानदार संगम देखने को मिला। उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक गायक सौरभ मैठाणी ने अपने लोकप्रिय गीतों से ऐसा समां बांधा कि दर्शक झूमने पर मजबूर हो गए। उनके चर्चित गीत ‘मैं पहाड़ों कु रैबासी’ सहित गढ़वाली लोकगीतों पर पूरा परिसर तालियों और उत्साह से गूंज उठा।

स्मृति विकास संस्थान की ओर से आयोजित उत्तराखंड विकास प्रदर्शनी के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। कार्यक्रम में उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। वहीं पूर्व राज्य मंत्री राजकुमार पुरोहित और सामाजिक कार्यकर्ता संजय बिश्नोई विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी अंजना वालिया ने की।
मुख्य अतिथि डॉ. गीता खन्ना ने कहा कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा, उनकी शिक्षा और सुरक्षा सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए ऐसे मंच उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। स्वदेशी उत्पादों और स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने वाले आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम करते हैं।

पूर्व राज्य मंत्री राजकुमार पुरोहित और सामाजिक कार्यकर्ता संजय बिश्नोई ने भी महोत्सव की सराहना करते हुए कहा कि स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन मिलने से स्थानीय कारीगरों, छोटे व्यापारियों और युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर मिलते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं अंजना वालिया ने कहा कि यह महोत्सव स्थानीय प्रतिभाओं, महिला समूहों, उद्यमियों और कलाकारों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान कर रहा है।
महोत्सव के दौरान सौरभ मैठाणी की प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही। उनके पहाड़ी गीतों ने दर्शकों को उत्तराखंड की लोक संस्कृति से रूबरू कराया। गीतों की धुन पर दर्शक झूमते और तालियां बजाते नजर आए।
स्मृति विकास संस्थान के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने बताया कि संस्था वर्ष 2015 से लगातार स्वदेशी मेलों और प्रदर्शनियों का आयोजन कर रही है। इसका उद्देश्य छोटे उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराना, स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वरोजगार को प्रोत्साहित करना है।
संस्था के सचिव आधार वर्मा ने बताया कि 13 से 22 नवंबर तक आयोजित इस महोत्सव में 150 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें पहाड़ी उत्पाद, हस्तशिल्प, स्थानीय उद्योग, महिला स्वयं सहायता समूहों, स्टार्टअप और सरकारी योजनाओं से जुड़े स्टॉल शामिल हैं। फूड और गेमिंग स्टॉल भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। महोत्सव में प्रवेश निःशुल्क है।
महोत्सव संयोजक प्रवीण ममगाईं ने बताया कि आयोजन के दौरान प्रतिदिन सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें कवि सम्मेलन, जादूगर राम की प्रस्तुति, गढ़वाली संध्या के साथ नृत्य, गायन, पेंटिंग, फैशन शो और मेहंदी प्रतियोगिताएं शामिल हैं। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले और मिकी माउस जैसी व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
उन्होंने बताया कि 16 नवंबर को उद्यमिता विद्यार्थी सम्मेलन, 17 नवंबर को किसान सम्मेलन, 18 नवंबर को महिला सम्मेलन और 19 नवंबर को कारीगरों एवं उद्यमियों के लिए प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित होगा। इसके अलावा स्वरोजगार, वित्तीय साक्षरता और डिजिटल मार्केटिंग पर सेमिनार एवं कार्यशालाएं भी होंगी।
संस्था पदाधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ के आह्वान और आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

