Uttrakhand

अधोईवाला में 3.35 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात, मंत्री खजानदास ने किया लोकार्पण और शिलान्यास

अधोईवाला में 3.35 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात, मंत्री खजानदास ने किया लोकार्पण और शिलान्यास

 

देहरादून।

भारत केसरी

रायपुर विधानसभा क्षेत्र के अधोईवाला स्थित आश्रम पद्धति विद्यालय एवं छात्रावास को विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली है। समाज कल्याण मंत्री खजानदास ने रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग की 3.35 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

 

इस दौरान अनुसूचित जाति उपयोजना के तहत 95.79 लाख रुपये की लागत से निर्मित 60 बेडेड छात्रावास और 44.93 लाख रुपये की लागत से तैयार क्रीड़ा स्थल का लोकार्पण किया गया। वहीं आश्रम पद्धति विद्यालय परिसर में 58.68 लाख रुपये की लागत से शौचालय एवं चाहरदीवारी निर्माण तथा 71.34 लाख रुपये की लागत से छात्रावास मरम्मत एवं साज-सज्जा सहित नालियों और स्टोर निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज कल्याण मंत्री खजानदास ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, सामाजिक कल्याण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पारदर्शी व्यवस्था के तहत पेंशन, छात्रवृत्ति और अन्य सरकारी अनुदानों का भुगतान सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से किया जा रहा है।

 

मंत्री ने कहा कि आश्रम पद्धति विद्यालय परिसर में विभिन्न विकास कार्यों की मांग विधायक उमेश शर्मा काऊ लगातार उठा रहे थे। उनके प्रयासों से क्षेत्र को इन योजनाओं की सौगात मिल पाई है।

वहीं रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने मंत्री खजानदास का आभार जताते हुए कहा कि वह क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि छात्रावास और विद्यालय में सुविधाओं के विस्तार से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।

 

कार्यक्रम के बाद मंत्री खजानदास ने छात्रावास का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को विद्यार्थियों के लिए प्रोटीनयुक्त, शुद्ध और ताजा भोजन उपलब्ध कराने, स्वच्छ पेयजल तथा साफ-सुथरे बिस्तरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

इस अवसर पर अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी, समाज कल्याण विभाग के सचिव श्रीधर बाबू अद्दांकी, उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह भंडारी, गोपाल पुरी, अशोक वर्मा, गीता राम गौड़, पार्षद त्रिलोक वर्गली, वैभव अग्रवाल, विशाल कुमार, मंडल अध्यक्ष प्रकाश, पूनम शर्मा और राहुल लारा सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं छात्र उपस्थित रहे।