Uttrakhand

मसूरी विधानसभा को ₹73.97 लाख के विकास कार्यों की सौगात, मंत्री गणेश जोशी ने किया शिलान्यास

मसूरी विधानसभा को ₹73.97 लाख के विकास कार्यों की सौगात, मंत्री गणेश जोशी ने किया शिलान्यास

 

देहरादून।

भारत केसरी

मसूरी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में विकास कार्यों को गति देते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कार्लीगाड़ और मोटीधार में 73.97 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इन कार्यों में सामुदायिक भवन, सुरक्षात्मक दीवार, आंतरिक सीसी मार्ग और पुलिया निर्माण शामिल हैं।

शनिवार को सहस्रधारा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत कार्लीगाड़ और मोटीधार में मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) एवं मंडी परिषद द्वारा स्वीकृत विकास योजनाओं का शिलान्यास किया गया।

 

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। मसूरी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में सड़क, सुरक्षा और सामुदायिक सुविधाओं से जुड़े कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं।

 

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इन योजनाओं के पूरा होने से स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

 

मंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार विकास के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है।

 

इन विकास कार्यों का हुआ शिलान्यास:

 

– ग्राम पंचायत कार्लीगाड़ में शिव मंदिर के पास 13.05 लाख रुपये की लागत से सुरक्षात्मक दीवार।

– कार्लीगाड़, सहस्रधारा में 32.74 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन।

– ग्राम पंचायत मोटीधार में 9.32 लाख रुपये की लागत से आंतरिक सीसी मार्ग एवं सुरक्षात्मक कार्य।

– ग्राम लुहारीगढ़ में 18.86 लाख रुपये की लागत से पुलिया निर्माण।

 

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, ग्राम प्रधान राकेश जावड़ी, कृपाल जावड़ी, धीरज थापा, सुनील चमोली, रतन सिंह नेगी, प्रेम कोहली सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।