CRIME NEWSDEHRADUN

देहरादून में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार! पुलिस की छापेमारी में महिला गिरफ्तार

देहरादून में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार! पुलिस की छापेमारी में महिला गिरफ्तार

 

देहरादून।

भारत केसरी

राजधानी देहरादून में स्पा सेंटर की आड़ में कथित रूप से अनैतिक देह व्यापार का मामला सामने आया है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और रायपुर थाना पुलिस ने सहस्त्रधारा रोड स्थित एक स्पा सेंटर पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से अनैतिक देह व्यापार संचालित करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, 13 नवंबर को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को मुखबिर से सूचना मिली थी कि टचवुड स्कूल के पास स्थित सनराइज स्पा सेंटर में अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना पर अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से स्पा सेंटर में औचक छापेमारी की।

 

छापेमारी के दौरान स्पा सेंटर के एक कमरे में एक महिला और एक पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। पुलिस को मौके से आपत्तिजनक सामग्री और 3,740 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने मौके से स्पा सेंटर में कथित रूप से देह व्यापार संचालित कर रही महिला को गिरफ्तार कर लिया।

 

गिरफ्तार महिला की पहचान वकिला पुत्री गुलाम रसूल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ थाना रायपुर में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3/4/5/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

 

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जनपद में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के निरीक्षक राकेन्द्र कठैत, महिला उपनिरीक्षक कल्पना पांडेय सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे। वहीं थाना रायपुर पुलिस की ओर से उपनिरीक्षक विकसित पंवार और अन्य पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई में सहयोग किया।