जनजातीय गौरव दिवस पर प्रधानमंत्री ने दी 3,000 करोड़ की सौगात, 246 विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास
जनजातीय गौरव दिवस पर प्रधानमंत्री ने दी 3,000 करोड़ की सौगात, 246 विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास
देहरादून। भारत केसरी
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर को विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। रविवार, 15 नवंबर को महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने लगभग 3,000 करोड़ रुपये की लागत वाली 246 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।

इस राष्ट्रीय कार्यक्रम से देहरादून का प्रशासनिक अमला भी वर्चुअल माध्यम से जुड़ा। कार्यक्रम में राज्य जनजाति सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष गीता राम गौड़, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, पूनम चमोली, संदीप नेगी, सुनील नेगी, नरेश धारखोली सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। इसके अतिरिक्त जनजाति विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न संस्थानों ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभागिता की।

प्रधानमंत्री द्वारा जिन प्रमुख योजनाओं और परियोजनाओं की सौगात दी गई, उनमें जनजातीय विद्यार्थियों के लिए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (EMRS), प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (PM-JANMAN) के तहत बहुउद्देशीय केंद्र तथा जनजातीय विरासत के संरक्षण से जुड़ी परियोजनाएं शामिल रहीं।
कार्यक्रम के दौरान जनजातीय समाज की शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर देहरादून के अधिकारियों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना और जनपद में निवासरत जनजातीय समुदायों तक केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

