देहरादून चिड़ियाघर में बढ़ा आकर्षण, सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का CM धामी ने किया लोकार्पण
देहरादून चिड़ियाघर में बढ़ा आकर्षण, सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का CM धामी ने किया लोकार्पण
कॉलेज विद्यार्थियों को भी मिलेगी चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश की सुविधा, पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा
देहरादून।
भारत केसरी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मालसी स्थित देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के लिए समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ ‘तेजस’ के आने से चिड़ियाघर का आकर्षण बढ़ेगा और पर्यटकों को वन्यजीवों को करीब से देखने का नया अनुभव मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि देहरादून चिड़ियाघर में प्रतिवर्ष करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं, जबकि इससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ के आगमन से पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है। उत्तराखंड में पहली बार सफेद बाघ लाया गया है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के हित में एक महत्वपूर्ण घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि अब कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी देहरादून चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश की सुविधा दी जाएगी। इससे युवाओं को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण के संबंध में व्यावहारिक जानकारी मिल सकेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चिड़ियाघर केवल पर्यटन का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों और युवाओं में प्रकृति एवं वन्यजीवों के प्रति जागरूकता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील राज्य में विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि राज्य की समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता हमारी प्राकृतिक धरोहर हैं। इनके संरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और नई पीढ़ी को भी प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना आवश्यक है।
कार्यक्रम में वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आर.के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

