देहरादून में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला, महिला सुरक्षा को लेकर धामी सरकार को घेरा
देहरादून में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला, महिला सुरक्षा को लेकर धामी सरकार को घेरा
देहरादून, 19 नवंबर।
भारत केसरी
उत्तराखंड में बिगड़ती कानून व्यवस्था और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने धामी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के विभिन्न जनपदों में हत्या और संदिग्ध परिस्थितियों में हो रही मौतों पर कांग्रेस ने गंभीर सवाल उठाए हैं।

देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, प्रदेश महामंत्री संगठन राजेन्द्र सिंह भंडारी, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला और पूर्व कोषाध्यक्ष आर्येन्द्र शर्मा ने भाजपा सरकार पर महिला सुरक्षा के मुद्दे पर विफल रहने का आरोप लगाया।
महिला सुरक्षा के दावों पर ज्योति रौतेला ने उठाए सवाल

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि राजधानी देहरादून में लगातार सामने आ रही हत्या और संदिग्ध मौत की घटनाएं कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। उन्होंने प्रेमनगर क्षेत्र में महिला की हत्या की घटना पर आक्रोश जताते हुए कहा कि प्रदेश की महिलाएं आखिर कब तक असुरक्षा के माहौल में रहेंगी? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महिला सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति चिंताजनक है।
जोत सिंह गुनसोला बोले- घर के भीतर और बाहर सुरक्षित नहीं महिलाएं
पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में महिलाएं घर से बाहर निकलने से लेकर घर के भीतर तक सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रही हैं। उन्होंने प्रेमनगर में महिला की हत्या को बेहद चिंताजनक बताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने, महिला सुरक्षा तंत्र मजबूत करने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
आर्येन्द्र शर्मा ने पेश किए महिला अपराध के आंकड़े
पूर्व कोषाध्यक्ष आर्येन्द्र शर्मा ने पत्रकार वार्ता में दावा किया कि पिछले चार से पांच वर्षों में प्रदेश में महिलाओं के साथ दुष्कर्म की 1,822 घटनाएं हुई हैं। उन्होंने 318 अज्ञात महिला शव मिलने, 10,500 महिलाओं के लापता होने और 767 महिलाओं के अब भी लापता होने के आंकड़े भी प्रस्तुत किए। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला अपराधों के मामलों में सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।
राजेन्द्र भंडारी ने उठाए हत्याकांडों की जांच पर सवाल
प्रदेश महामंत्री संगठन राजेन्द्र सिंह भंडारी ने राजपुर में मदन राणा की हत्या, रायपुर के तरला अधोईवाला में गौरव बागड़ी की हत्या, डालनवाला में 15 वर्षीय अर्श अंसारी की मौत और प्रेमनगर के जामुनवाला जंगल में युवती का शव मिलने जैसी घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से राजधानी के लोगों में भय का माहौल है। कांग्रेस ने सभी मामलों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग की।
डॉ. प्रतिमा सिंह ने भाजपा पर साधा निशाना
पत्रकार वार्ता का संचालन करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा विधायकों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ मुख्यमंत्री महिला सुरक्षा और जनकल्याण की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर भाजपा के कुछ जनप्रतिनिधियों के आचरण को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने इसे भाजपा का दोहरा चरित्र बताया।
कांग्रेस का अल्टीमेटम- दो दिन में हो गिरफ्तारी
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि प्रेमनगर में महिला की हत्या के मामले में पुलिस दो दिन के भीतर दोषियों को गिरफ्तार करे। इसके साथ ही राजधानी में हुई सभी हत्याओं और संदिग्ध मौतों की निष्पक्ष जांच, अज्ञात युवती की पहचान, अर्श अंसारी की मौत के मामले में वास्तविक तथ्यों को सार्वजनिक करने और लूटकांड से जुड़े आरोपियों को कथित संरक्षण दिए जाने के आरोपों पर सरकार से जवाब मांगा।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी।

