मसूरी रोड पर PWD मंत्री सतपाल महाराज का औचक निरीक्षण, सड़क और डबल लेन पुल का काम समय पर पूरा करने के निर्देश
देहरादून: उत्तराखंड के लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने शुक्रवार को देहरादून-मसूरी मार्ग पर बारिश से क्षतिग्रस्त पानी वाले बैंड क्षेत्र और निर्माणाधीन डबल लेन पुल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सड़क और पुल निर्माण का कार्य तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने बताया कि 20 जुलाई की रात भारी बारिश के कारण पानी वाले मोड़ के पास करीब 20 मीटर सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे सड़क की चौड़ाई घटकर महज 2.5 मीटर रह गई। विभाग ने तत्काल जेसीबी मशीनों की मदद से मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है और अतिरिक्त पहाड़ कटान की प्रक्रिया भी जारी है, ताकि यातायात जल्द पूरी तरह सुचारू किया जा सके।
सतपाल महाराज ने बताया कि सड़क की सुरक्षा के लिए उत्तराखंड की स्लोप ट्रीटमेंट विशेषज्ञ संस्था ULLMC ने भी मौके का निरीक्षण किया है और जल्द सुरक्षात्मक कार्य शुरू किए जाएंगे।
उन्होंने निर्माणाधीन डबल लेन स्टील बॉक्स पुल का भी निरीक्षण किया। करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस 60 मीटर स्पान पुल का फैब्रिकेशन 100 प्रतिशत पूरा हो चुका है। ग्राउंड इरेक्शन और पाइलिंग का कार्य तेजी से चल रहा है, जिसे 30 जुलाई तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

निरीक्षण के दौरान प्रमुख अभियंता राजेश शर्मा, अधीक्षण अभियंता ओ.पी. सिंह और अधिशासी अभियंता राजेश कुमार सहित लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
