देहरादून: सफाई कर्मचारियों के आंदोलन को मिला वाल्मीकि नवयुवक संघ का समर्थन
देहरादून। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के आंदोलन को अब अखिल भारतीय श्री वाल्मीकि नवयुवक संघ का भी समर्थन मिल गया है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष अजय गांधी ने समर्थन पत्र जारी कर कहा कि सफाई कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों का संगठन पूर्ण समर्थन करता है।

समर्थन पत्र में कहा गया है कि सफाई कर्मचारियों की प्रमुख मांग ठेका प्रथा को समाप्त कर सभी कर्मचारियों को स्थायी नियुक्ति देने की है। संगठन ने राज्य सरकार से जल्द से जल्द ठेका प्रणाली खत्म कर सफाई कर्मचारियों को नियमित करने की मांग की है।
अजय गांधी ने कहा कि अखिल भारतीय श्री वाल्मीकि नवयुवक संघ के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता आंदोलनरत कर्मचारियों के साथ खड़े हैं। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
पत्र में प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल पंवार, मंडल अध्यक्ष सतपाल सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष कुंवर पाल सिंह, जिला अध्यक्ष रवि गोडियाल, जिला उपाध्यक्ष अतुल सिंह, युवा जिला अध्यक्ष दीप और युवा उपाध्यक्ष नितुल कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों के समर्थन का भी उल्लेख किया गया है।
संगठन का कहना है कि वर्षों से ठेका प्रथा के तहत कार्य कर रहे सफाई कर्मचारियों को स्थायी नियुक्ति देकर उनके भविष्य को सुरक्षित किया जाना चाहिए। अब इस मुद्दे पर सरकार की प्रतिक्रिया का इंतजार है।
