Uttrakhand

अमर शहीद श्रीदेव सुमन को नमन, उत्तराखंड के 13 जिलों में पुरानी पेंशन बहाली के समर्थन में निकली प्रकाश रैली

देहरादून। भारत केसरी

अमर शहीद श्रीदेव सुमन के बलिदान दिवस पर पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन (NMOPS) उत्तराखंड के आह्वान पर राज्य के सभी 13 जनपदों में पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर प्रकाश रैली निकाली गई। राजधानी देहरादून में परेड ग्राउंड से गांधी पार्क तक निकली रैली में बड़ी संख्या में कर्मचारियों, शिक्षकों और पेंशन समर्थकों ने हिस्सा लिया और सरकार से पुरानी पेंशन व्यवस्था जल्द बहाल करने की मांग की।

रैली के दौरान वक्ताओं ने अमर शहीद श्रीदेव सुमन के त्याग और बलिदान को याद करते हुए कहा कि कर्मचारियों का यह आंदोलन सामाजिक सुरक्षा, सम्मानजनक भविष्य और न्यायपूर्ण व्यवस्था के लिए लोकतांत्रिक संघर्ष है। उनका कहना था कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के भविष्य और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है।

 

कार्यक्रम में NMOPS के प्रदेश अध्यक्ष जीतमणि पैन्यूली, प्रदेश महामंत्री इंजीनियर मुकेश रतूड़ी, प्रदेश महिला अध्यक्ष उर्मिला द्विवेदी सहित प्रदेश, मंडल और जनपद स्तर के अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चम्पावत और पिथौरागढ़ समेत सभी जिलों में स्थानीय पदाधिकारियों के नेतृत्व में प्रकाश रैलियां आयोजित की गईं।

प्रदेश अध्यक्ष जीतमणि पैन्यूली और प्रदेश महामंत्री इंजीनियर मुकेश रतूड़ी ने संयुक्त बयान में कहा कि सभी 13 जनपदों में एक साथ आयोजित प्रकाश रैली कर्मचारियों की एकजुटता का बड़ा संदेश है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार पुरानी पेंशन बहाली पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो संगठन लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपने आंदोलन को और व्यापक करेगा।