CM UTTRAKHANDUttrakhand

उत्तराखंड: परमवीर चक्र विजेताओं की अनुग्रह राशि बढ़कर ₹2 करोड़, सीएम धामी ने कई विकास योजनाओं को दी मंजूरी

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने परमवीर चक्र से सम्मानित वीर सैनिकों के सम्मान में बड़ा फैसला लेते हुए उन्हें दी जाने वाली अनुग्रह राशि ₹1.50 करोड़ से बढ़ाकर ₹2 करोड़ करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में यह घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार वीर सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान एवं कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

 

 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान और अदम्य साहस का परिचय देने वाले सैनिकों का सम्मान करना सरकार की प्राथमिकता है।

विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये मंजूर

मुख्यमंत्री धामी ने राज्य के विभिन्न विकास कार्यों के लिए कई महत्वपूर्ण वित्तीय स्वीकृतियां भी प्रदान की हैं।

  • देहरादून के टपकेश्वर महादेव, गढ़ी डाकरा कैंट क्षेत्र में 8 एमएलडी क्षमता के सीवर शोधन संयंत्र (एसटीपी) के निर्माण के लिए भूमि खरीद हेतु ₹6.62 करोड़ की मंजूरी दी गई।

  • नाबार्ड वित्तपोषित 21 योजनाओं के लिए ₹41.37 करोड़ की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया गया।

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को मिली गति

हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत मुख्यमंत्री ने—

  • बल्ली बैरिकेडिंग, चक्रव्यूह बैरियर, अस्थायी फायर वॉच टावर आदि के लिए ₹5.46 करोड़ तथा

  • 8 अस्थायी रैन बसेरों के निर्माण सहित अन्य कार्यों के लिए ₹6.85 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की।

अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में धार्मिक एवं विकास कार्य

मुख्यमंत्री ने विभिन्न धार्मिक एवं जनहित परियोजनाओं के लिए भी धनराशि स्वीकृत की।

  • द्वाराहाट (अल्मोड़ा) में सकुनी से सुकेश्वर महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार के शेष कार्य के लिए ₹124.73 लाख स्वीकृत, जिसमें प्रथम किस्त के रूप में ₹74.83 लाख जारी होंगे।

  • सेराघाट (अल्मोड़ा) स्थित मां मंगला भगवती मंदिर परिसर में धर्मशाला निर्माण के लिए ₹72.83 लाख स्वीकृत, प्रथम किस्त ₹43.69 लाख

  • मूनाकोट (पिथौरागढ़) के बुद्धेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण, दीवार एवं धर्मशाला निर्माण के लिए ₹22 लाख की मंजूरी।

अंबेडकर पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए ₹25 लाख

उधम सिंह नगर के किच्छा विधानसभा क्षेत्र स्थित ग्राम दरऊ में डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क एवं तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए ₹25 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई।

भूतपूर्व सैनिकों के बच्चों को छात्रवृत्ति

मुख्यमंत्री ने भूतपूर्व सैनिकों के इंजीनियरिंग, मेडिकल एवं पीएचडी कर रहे छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति भुगतान के लिए ₹36.84 लाख की वित्तीय स्वीकृति दी। यह राशि पूर्व की भांति कारगिल शहीद परिवार मुख्यमंत्री सहायता कोष से उपलब्ध कराई जाएगी।

वाइब्रेंट विलेज में ‘थाना दिवस’ और ‘रात्रि चौपाल’

मुख्यमंत्री धामी ने चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, चंपावत और उधम सिंह नगर के वाइब्रेंट विलेज में थाना दिवस एवं रात्रि चौपाल कार्यक्रम संचालित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है।

इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों की कानून-व्यवस्था, दस्तावेज सत्यापन, चरित्र प्रमाण पत्र, साइबर जागरूकता तथा पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों का स्थानीय स्तर पर समाधान किया जाएगा।