Uttrakhand

ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर अल्बा स्मर्लिजियो से मिले सूर्यकांत धस्माना, उत्तराखंड में पर्यटन, शिक्षा और निवेश पर हुई चर्चा

देहरादून। उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचीं ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर अल्बा स्मर्लिजियो से प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य सूर्यकांत धस्माना ने मसूरी रोड स्थित एक होटल में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उनकी पुत्री एवं राजीव गांधी स्टडी सर्किल की राज्य सचिव सुप्रिया धस्माना भी मौजूद रहीं। बैठक में उत्तराखंड में पर्यटन, शिक्षा, ऊर्जा और निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि अल्बा स्मर्लिजियो ब्रिटिश हाई कमीशन की ओर से पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की प्रभारी हैं। अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान वह शिक्षा, चिकित्सा, औद्योगिक विकास और पर्यटन के क्षेत्र में ब्रिटेन की संभावित सहभागिता एवं निवेश के अवसरों का अध्ययन करने के लिए विभिन्न राजनीतिक, औद्योगिक और व्यापारिक प्रतिनिधियों से मुलाकात कर रही हैं।

बैठक के दौरान धस्माना ने उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, राष्ट्रीय उद्यानों, वन्यजीव अभयारण्यों, ग्लेशियरों, गंगा, यमुना और शारदा जैसी नदियों, फूलों की घाटी, बुग्यालों, चारधाम, हेमकुंड साहिब, नानकमत्ता और पिरान कलियर सहित प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य में धार्मिक, प्राकृतिक और साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं।

उन्होंने उत्तराखंड की नदियों और जल स्रोतों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में लघु एवं सूक्ष्म जल विद्युत परियोजनाओं के विकास की भी व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।

वहीं, सुप्रिया धस्माना ने देहरादून, मसूरी और नैनीताल के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षा के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय पहचान रखता है। उन्होंने सुझाव दिया कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में ब्रिटेन और उत्तराखंड सरकार अथवा निजी शैक्षणिक संस्थानों के बीच संयुक्त शैक्षणिक कार्यक्रम विकसित किए जा सकते हैं।

ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर अल्बा स्मर्लिजियो ने उत्तराखंड से जुड़े सुझावों और जानकारियों के लिए धस्माना और सुप्रिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह इस बैठक के निष्कर्षों की विस्तृत रिपोर्ट ब्रिटिश हाई कमिश्नर और ब्रिटिश सरकार को भेजेंगी। उन्होंने उत्तराखंड में पर्यटन, ऊर्जा और उच्च शिक्षा के क्षेत्रों में ब्रिटेन की निवेश सहभागिता की मजबूत संभावनाएं भी व्यक्त कीं।

बैठक में ब्रिटिश हाई कमीशन, चंडीगढ़ कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं राजनीतिक सलाहकार राजेंद्र सिंह नागरकोटी भी उपस्थित रहे।