ऋषिकेश विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर: 795 मरीजों ने उठाया लाभ, विशेषज्ञों ने दी स्वास्थ्य सेवाएं
ऋषिकेश। उप जिला चिकित्सालय ऋषिकेश में आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर के तीसरे दिन भी बड़ी संख्या में मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के निर्देशन एवं शिविर प्रभारी के समन्वय में आयोजित शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उपचार एवं परामर्श प्रदान किया।
तीसरे दिन कुल 795 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त कीं, जिनमें 367 पुरुष और 428 महिलाएं शामिल रहीं।

विभिन्न स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श
शिविर के दौरान 142 लोगों की उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) और मधुमेह (डायबिटीज) की जांच की गई।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के तहत 74 गर्भवती महिलाओं की एएनसी (प्रसव पूर्व जांच) की गई। वहीं 19 किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता तथा 45 लाभार्थियों को पोषण एवं समुचित देखभाल संबंधी परामर्श दिया गया।
टीबी स्क्रीनिंग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत 213 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। इसके अलावा 213 लाभार्थियों को विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के बारे में जागरूक किया गया और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया।

लैब जांच, एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड
शिविर में प्रयोगशाला के माध्यम से 178 लोगों की हीमोग्लोबिन, एलएफटी, केएफटी और लिपिड प्रोफाइल सहित विभिन्न जांचें की गईं। इसके अतिरिक्त 93 एक्स-रे और 53 अल्ट्रासाउंड जांचें भी कराई गईं।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने शिविर में सेवाएं देने वाले विशेषज्ञ चिकित्सकों, चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग अधिकारियों, पैरामेडिकल एवं सहयोगी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से क्षेत्रीय जनता को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है।
दूसरे दिन 383 मरीजों ने ली स्वास्थ्य सेवाएं
शिविर के दूसरे दिन, जो रविवार का अवकाश था, तब भी क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में शिविर का लाभ उठाया। कुल 383 लाभार्थियों (247 पुरुष एवं 136 महिलाएं) ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श एवं उपचार प्राप्त किया।
दूसरे दिन 142 लोगों की रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच की गई, जबकि 33 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई। इसके अलावा 16 किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता और 15 लाभार्थियों को पोषण संबंधी परामर्श दिया गया।
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 83 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई तथा 26 लाभार्थियों को विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
प्रयोगशाला में 76 लोगों की विभिन्न जांचें की गईं। इसके अतिरिक्त 52 एक्स-रे और 41 अल्ट्रासाउंड जांचें भी संपन्न कराई गईं।
स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि इस प्रकार के विशेषज्ञ चिकित्सा शिविरों का उद्देश्य लोगों को उनके क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

