कांवड़ मेला 2026: एडीजी कानून व्यवस्था ने पुलिस बल को किया ब्रीफ, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यात्रा पर जोर
ऋषिकेश। आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 30 जुलाई 2026 से शुरू होने वाले कांवड़ मेले के मद्देनजर सोमवार को ऋषिकेश में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) ने देहरादून, टिहरी और पौड़ी जनपदों में तैनात पुलिस बल की विस्तृत ब्रीफिंग की।

इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक (गढ़वाल परिक्षेत्र), पुलिस उप महानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था), एसएसपी देहरादून, एसएसपी पौड़ी और एसएसपी टिहरी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को कांवड़ मेला ड्यूटी की संवेदनशीलता और जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस बल को दिए गए प्रमुख निर्देश
- सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने ड्यूटी प्वाइंट और उसकी संवेदनशीलता की पूरी जानकारी लेकर पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करें।
- श्रद्धालुओं के साथ संयमित, विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार रखें तथा उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराएं।
- भारी भीड़ और वाहनों को देखते हुए पूर्व निर्धारित पार्किंग स्थलों में ही वाहन पार्क कराए जाएं तथा वहां सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
- कांवड़ मार्ग पर लगने वाली अस्थायी दुकानों और बाहरी व्यापारियों का विधिवत सत्यापन किया जाए।
- पुलिस कर्मी शारीरिक और मानसिक रूप से सतर्क रहें तथा किसी भी छोटे विवाद को तत्काल नियंत्रित कर बड़े विवाद में बदलने से रोकें।
- देहरादून, पौड़ी और टिहरी पुलिस आपसी समन्वय से भीड़ एवं यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करें। नीलकंठ मंदिर क्षेत्र में भीड़ बढ़ने पर पूर्व निर्धारित डायवर्जन प्लान लागू किया जाए।
- बरसात के मौसम को देखते हुए सभी पुलिसकर्मी छाता या बरसाती साथ रखें और किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार रहें।
- सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखी जाए। भ्रामक या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट का तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
- सभी सेक्टर अधिकारी अपने अधीनस्थ पुलिस कर्मियों को मौके पर जाकर ड्यूटी संबंधी स्पष्ट ब्रीफिंग दें। किसी भी विवाद या घटना की सूचना तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को देकर तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
सुरक्षा और व्यवस्था पर विशेष फोकस
उत्तराखंड पुलिस ने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और सांप्रदायिक सौहार्द कायम रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके लिए तीनों जनपदों की पुलिस आपसी समन्वय के साथ कार्य करेगी, ताकि लाखों श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

