CRIME NEWSDEHRADUN

देहरादून: एसटीएफ-एएनटीएफ और सेलाकुई पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.521 किलो कैटामाइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

देहरादून, 27 जुलाई। उत्तराखंड में चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ), एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और थाना सेलाकुई पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.521 किलोग्राम कैटामाइन के साथ दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।

एसटीएफ के अनुसार, खुफिया सूचना के आधार पर एएनटीएफ और सेलाकुई पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर सेलाकुई क्षेत्र में घेराबंदी की। इस दौरान स्कूटी की डिक्की में छिपाकर ले जाई जा रही 1.521 किलोग्राम कैटामाइन बरामद की गई। मौके पर मौजूद औषधि निरीक्षक ने बरामद पदार्थ की पहचान कैटामाइन के रूप में की।

पूछताछ में मिले अहम सुराग

प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे खैरी गांव स्थित बर्थवाल के आम के बगीचे के पास एक अज्ञात व्यक्ति को यह मादक पदार्थ सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस अब ड्रग्स के स्रोत, सप्लाई चेन और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए गहन जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी

  • शुभम कुमार, पुत्र राजेश कुमार, निवासी जमनपुर, सेलाकुई, जनपद देहरादून।
  • अंकित तिवारी, पुत्र दिनेश, निवासी नगला कल्लू, शाहाबाद देहात, जनपद हरदोई (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी सेलाकुई, देहरादून।

बरामदगी

  • 1.521 किलोग्राम कैटामाइन
  • एक जूपिटर स्कूटी
  • दो मोबाइल फोन

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सेलाकुई में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/22(सी)/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एसटीएफ की अपील

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें और किसी भी लालच में आकर मादक पदार्थों की तस्करी जैसे अपराधों में शामिल न हों। यदि कहीं भी नशा तस्करी या मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों की सूचना मिले तो तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन या एसटीएफ/एएनटीएफ उत्तराखंड को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

एसटीएफ ने स्पष्ट किया कि “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नशा तस्करों और संगठित ड्रग नेटवर्क के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।