DEHRADUNDM DEHRADUN

समाधान दिवस में डीएम आशीष चौहान सख्त, 164 शिकायतों पर अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

देहरादून, 27 जुलाई। आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील समाधान के उद्देश्य से सोमवार को आयोजित ‘समाधान दिवस’ में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने 164 शिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्ट्रेट में आयोजित समाधान दिवस में भूमि विवाद, अवैध अतिक्रमण, सीमांकन, सामाजिक-आर्थिक सहायता और मानसून से हुए नुकसान से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं।

बेटे की ऑनलाइन गेमिंग की लत से परेशान मां ने मांगी मदद

ऋषिकेश निवासी विनीता ने अपने बेटे की ऑनलाइन गेमिंग की लत के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होने की जानकारी देते हुए प्रशासन से सहायता की मांग की। वहीं पल्टन बाजार निवासी जुनतारा देवी ने बीमारी के इलाज और बेटी की स्कूल फीस के लिए आर्थिक मदद मांगी। एक अन्य विधवा अर्चना ने अपनी बेटियों की पढ़ाई के लिए सहायता की गुहार लगाई।

बुजुर्गों की शिकायतों पर डीएम का तत्काल एक्शन

बुजुर्ग राजपाल सिंह ने बेटे पर संपत्ति हड़पने की नीयत से मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम को भरण-पोषण एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण अधिनियम के तहत तत्काल वाद दर्ज करने के निर्देश दिए।

मन्नूगंज की एक बुजुर्ग विधवा की शिकायत पर सीओ सिटी को त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए गए। वहीं सहारनपुर निवासी विनिता भटेजा द्वारा राजपुर रोड स्थित पैतृक संपत्ति पर अवैध कब्जे की शिकायत पर सीओ मसूरी को मौके पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बिजली, अतिक्रमण और सुरक्षा से जुड़े मामलों पर सख्ती

ग्राम सिंगनीवाला में पड़ोसी के विरोध के चलते बिजली कनेक्शन नहीं मिलने और मानुवा गांव में बारिश के कारण खतरनाक हो चुके बिजली के पोल को हटाने के लिए ऊर्जा निगम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

सिद्धोवाला में सरकारी भूमि पर बाहरी लोगों के कब्जे तथा बादामवाला में नदी श्रेणी की भूमि पर अवैध अतिक्रमण की शिकायतों की गहन जांच के निर्देश एसडीएम विकासनगर को दिए गए।

सेंट्रल पार्क रेजिडेंसी मामले में बिल्डर पर कार्रवाई के आदेश

धोरन रोड स्थित सेंट्रल पार्क रेजिडेंसी के समीप सुरक्षा पुस्ता नहीं बनाए जाने के मामले में जिलाधिकारी ने संबंधित बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सिंचाई विभाग को सुरक्षात्मक कार्यों का प्रस्ताव तैयार करने को कहा।

इसके अलावा विकासनगर के डॉक्टरगंज क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों पर नियंत्रण के लिए संभागीय परिवहन अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। चकराता के ग्राम पंचायत डेरियों में सीसी रोड निर्माण तथा ऋषिकेश बाईपास परियोजना के लिए अधिग्रहित भूमि के बदले भूमि आवंटन की प्रक्रिया में तेजी लाने के भी निर्देश जारी किए गए।

अधिकारी रहे मौजूद

समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) के.के. मिश्रा, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, तहसीलदार विवेक राजौरी, तहसीलदार सुरेन्द्र देव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।