शहर की सफाई और डेंगू रोकथाम को लेकर नगर आयुक्त के सख्त निर्देश
देहरादून। शहर की सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने और डेंगू समेत अन्य वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय की अध्यक्षता में नगर निगम परिसर में सफाई, कूड़ा उठान, फॉगिंग और डेंगू नियंत्रण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में नगर आयुक्त ने डोर-टू-डोर कूड़ा उठान, फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव, नालों एवं नालियों की सफाई और जलभराव वाले स्थानों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में सफाई और कूड़ा उठान की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए। प्रत्येक क्षेत्र में निर्धारित रूट और समय के अनुसार डोर-टू-डोर कूड़ा उठान सुनिश्चित हो तथा किसी भी स्थान पर कूड़ा लंबे समय तक जमा न रहने दिया जाए। कार्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित एजेंसी की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए गए।
फॉगिंग और एंटी-लार्वा अभियान में तेजी
डेंगू एवं अन्य मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए संवेदनशील और चिन्हित क्षेत्रों में नियमित फॉगिंग तथा एंटी-लार्वा गतिविधियां संचालित करने को कहा गया। जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित कर तत्काल सफाई एवं आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
फॉगिंग और एंटी-लार्वा कार्यों की क्षेत्रवार मॉनिटरिंग एवं रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि जरूरत के अनुसार संबंधित क्षेत्रों में दोबारा कार्रवाई की जा सके।
लापरवाही पर सुपरवाइजर से लेकर मुख्य सफाई निरीक्षक तक होगी कार्रवाई
नगर आयुक्त ने नालियों और नालों की नियमित सफाई के साथ सफाई के दौरान निकलने वाले कचरे को तत्काल उठाकर निर्धारित स्थल तक पहुंचाने के निर्देश दिए। डोर-टू-डोर कूड़ा उठान में लापरवाही मिलने पर संबंधित क्षेत्र के सुपरवाइजर, सफाई निरीक्षक और मुख्य सफाई निरीक्षक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
सार्वजनिक स्थानों, सड़कों, खाली भूखंडों, नालियों और प्रतिबंधित स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ चालान एवं नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बार-बार कूड़ा डाले जाने वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां विशेष निगरानी और जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा गया। फोटो एवं वीडियो साक्ष्य के आधार पर खुले में कूड़ा फेंकने वालों की पहचान कर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर भी निगरानी
नगर निगम क्षेत्र में संचालित दुकानों, होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर पर्याप्त क्षमता के डस्टबिन रखना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। प्रतिष्ठान संचालकों को खुले में कूड़ा नहीं डालने और कूड़ा नगर निगम की अधिकृत संग्रहण व्यवस्था को ही सौंपने के लिए जागरूक किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
GVP प्वाइंट हटाने के निर्देश
शहर में बने GVP (Garbage Vulnerable Point) प्वाइंट को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई के साथ हटाने के निर्देश दिए गए। इन स्थानों पर दोबारा कूड़ा जमा न हो, इसके लिए नियमित सफाई, निगरानी और जनजागरूकता की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
नगर निगम एवं संबंधित एजेंसियों के सफाई कर्मचारियों को निर्धारित ड्रेस में ही कार्य करने के निर्देश दिए गए। बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया गया।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण कर सफाई, कूड़ा उठान, फॉगिंग और एंटी-लार्वा गतिविधियों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने में नगर निगम की कार्रवाई के साथ नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है। आमजन से खुले में अथवा नालियों में कूड़ा नहीं डालने, प्रतिष्ठानों के बाहर डस्टबिन रखने और कूड़ा केवल अधिकृत संग्रहण वाहन को देने की अपील की गई।
नगर निगम की ओर से स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ एवं डेंगूमुक्त देहरादून के लक्ष्य को लेकर सफाई, कूड़ा प्रबंधन, फॉगिंग, एंटी-लार्वा अभियान और जनजागरूकता की कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही गई।
बैठक में मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद शुक्ला, सहायक नगर आयुक्त राजबीर सिंह चौहान, मुख्य सफाई निरीक्षक, सफाई निरीक्षक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
