श्रमशक्ति नहीं, उत्तराखंड की विकासशक्ति हैं श्रमिक: सतपाल महाराज
सतपुली/पौड़ी गढ़वाल।
भारत केसरी
उत्तराखंड में श्रमिकों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए श्रम विभाग का पंजीकरण और नवीनीकरण अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में आयोजित श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर में हजारों श्रमिकों ने पहुंचकर अपना पंजीकरण कराया।
कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने बुधवार को सतपुली स्थित शिविर का निरीक्षण कर श्रमिकों से बातचीत की और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। महाराज ने कहा कि सरकार श्रमिकों को केवल श्रमशक्ति नहीं, बल्कि उत्तराखंड की विकासशक्ति मानती है।
उन्होंने कहा कि श्रमिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाए जा रहे हैं। पिछले चार दिनों में विभिन्न विकासखंडों में 2779 से अधिक श्रमिक कार्ड बनाए जा चुके हैं।
महाराज ने बताया कि मनरेगा के करीब 9.5 लाख सक्रिय श्रमिकों को भी उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड से जोड़ा जा रहा है। 90 दिन काम करने वाले पात्र मनरेगा श्रमिक भी बोर्ड की योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे।
शिविर में महाराज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जब तक सभी पात्र श्रमिकों का पंजीकरण और नवीनीकरण नहीं हो जाता, तब तक प्रक्रिया जारी रखी जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पात्र श्रमिकों को किसी भी तरह की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि बोर्ड के माध्यम से श्रमिकों को पुत्री विवाह अनुदान, बच्चों की शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति, चिकित्सा सहायता, मातृत्व लाभ, औजार सहायता और दुर्घटना की स्थिति में आर्थिक सहायता जैसी योजनाओं का लाभ मिलता है। इसलिए समय पर पंजीकरण और नवीनीकरण बेहद जरूरी है।
सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “श्रमेव जयते” मंत्र को धरातल पर उतारने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के निर्माण और विकास में श्रमिकों की भूमिका सर्वोपरि है और सरकार का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।
इस दौरान महाराज ने क्षेत्रीय जनता की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। शिविर में अनुपस्थित अधिकारियों को लेकर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, श्रम विभाग के अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

