15 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’ स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण, नवाचार और जनभागीदारी पर रहेगा फोकस
देहरादून, 9 सितंबर 2026। जिले में 15 सितंबर से 18 अक्टूबर तक व्यापक स्तर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों से आम नागरिकों को जोड़ते हुए स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, सेवा और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में जनभागीदारी बढ़ाना है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में अभियान की रूपरेखा तय की गई। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों की समयबद्ध तैयारी और व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए।

छह प्रमुख थीम पर होंगे कार्यक्रम
अभियान के तहत ‘भारत 2047’, ‘सेवा और सपना’, ‘नमो 25 गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘25 साल-25 कहानियां’ और ‘जन कल्याण संवाद’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूल-कॉलेजों में विकसित भारत विषय पर निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि ‘नमो 25 गाथा’ के तहत प्रेरणादायी बहुभाषी नाटकों का मंचन किया जाएगा।
सरकारी संस्थानों से लेकर धार्मिक स्थलों तक चलेगा स्वच्छता अभियान
अभियान के पहले चरण में सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, अस्पतालों, नगर निकायों, धार्मिक स्थलों और ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन और कृतित्व से जुड़ी पुस्तकों का वितरण भी किया जाएगा।
युवाओं के लिए हैकाथॉन और इनोवेशन चैलेंज
युवाओं को तकनीक और नवाचार से जोड़ने के लिए हैकाथॉन, इनोवेशन चैलेंज और शॉर्ट फिल्म निर्माण जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा दिवस’ पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से रिले मैराथन आयोजित होगी।
विकास परियोजनाओं की दिखेगी झलक
17 सितंबर को ‘रंगोली राष्ट्र’ कार्यक्रम के जरिए विशाल रंगोलियों से भारत और उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं विकास यात्रा प्रदर्शित की जाएगी। वहीं 7 से 17 अक्टूबर तक ‘प्रगति के 25 स्तंभ’ कार्यक्रम में प्रोजेक्शन मैपिंग, लाइट शो और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से केदारनाथ-बदरीनाथ पुनर्निर्माण, मानसखंड मंदिर माला मिशन, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, लखवाड़ और जमरानी बांध जैसी प्रमुख परियोजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।
‘प्रोजेक्ट 25-25-25’ से जुड़ेंगे नागरिक
अभियान में ‘प्रोजेक्ट 25-25-25’ के तहत नागरिकों को प्रतिदिन कम से कम 25 मिनट देश के नाम समर्पित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसमें स्वच्छता, वृक्षारोपण और डिजिटल साक्षरता जैसी गतिविधियां शामिल होंगी। बहुद्देशीय और स्वास्थ्य शिविरों में दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग वितरित करने, रक्तदान शिविर लगाने और अस्पतालों में मरीजों को फल वितरित करने की भी योजना है।
गांधी जयंती पर ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश
2 अक्टूबर को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर स्वदेशी और खादी अपनाने की शपथ दिलाई जाएगी। विद्यालयों में ‘फिट इंडिया’ गतिविधियों के साथ ‘वोकल फॉर लोकल’ को लेकर जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
