2027 चुनाव के लिए BJP ने झोंकी ताकत, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
देहरादून/हल्द्वानी, 9 सितंबर 2026।
भारत केसरी
उत्तराखंड भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हल्द्वानी में आयोजित हुई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बैठक में सहभागिता के बाद कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक ‘विकसित उत्तराखंड’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन से संगठन के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और सेवा, समर्पण तथा राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और मजबूती मिली है।
रेखा आर्या ने कहा कि बैठक में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से पूरी ताकत के साथ जुटने, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड को विकसित एवं सशक्त राज्य बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे।
कैबिनेट मंत्री ने दावा किया कि भाजपा का लक्ष्य प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाना है और इसके लिए संगठन पूरी एकजुटता के साथ जनता के बीच पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार की उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाया जाएगा।
बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, सांसद अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
