उर्मिला सनावर की बढ़ीं मुश्किलें, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी और धमकी के आरोप में छठा मुकदमा
देहरादून। सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ देहरादून में एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। इस बार कोतवाली पटेल नगर में एक महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उर्मिला सनावर ने उसके और मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के साथ ही उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की। महिला ने परिवार को जान से मरवाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।![]()
पुलिस के मुताबिक, देवऋषि एनक्लेव, देहरखास निवासी महिला ने 12 सितंबर को कोतवाली पटेल नगर में शिकायत दर्ज कराई। तहरीर में महिला ने बताया कि 10 सितंबर को उर्मिला सनावर ने फेसबुक पर मुख्यमंत्री के साथ उसकी प्रोफाइल फोटो को लेकर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी की। आरोप है कि इसके साथ ही महिला का मोबाइल नंबर भी सोशल मीडिया पर सार्वजनिक कर दिया गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उसने सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी का विरोध किया तो कथित तौर पर उसे धमकी भरे अंदाज में जवाब दिया गया। इसके बाद एक अन्य फेसबुक आईडी के माध्यम से उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी के खिलाफ भी आपत्तिजनक और मानसिक आघात पहुंचाने वाली टिप्पणी किए जाने का आरोप है।
महिला ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि उर्मिला सनावर ने उसकी एक परिचित महिला को फोन कर उसे और उसके बच्चों को जान से मरवाने की धमकी दी।
आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा
कोतवाली पटेल नगर पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर आईटी एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब सोशल मीडिया पर किए गए कथित पोस्ट, टिप्पणियों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
कोतवाली पटेल नगर प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पहले से दर्ज हैं पांच मुकदमे
पुलिस के अनुसार, उर्मिला सनावर के खिलाफ देहरादून और हरिद्वार में पहले से पांच मुकदमे दर्ज हैं। इनमें नेहरू कॉलोनी थाने में दो, डालनवाला में एक, बहादराबाद में एक और ज्वालापुर थाने में एक मुकदमा शामिल है। पटेल नगर में दर्ज ताजा मुकदमे के बाद पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार यह उनके खिलाफ छठा मुकदमा बताया जा रहा है।
उर्मिला सनावर इससे पहले अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी के नाम के खुलासे को लेकर भी सुर्खियों में रही हैं। वहीं सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर उनके खिलाफ पूर्व में भी शिकायतें और मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। ताजा मामले में पुलिस डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।
