रायपुर में युवक की संदिग्ध मौत के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, मारपीट के बाद बिगड़ी थी तबीयत
देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को लाडपुर तिराहे के पास से दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास साहनी उर्फ विक्कू और सोनू साहनी के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से मुजफ्फरपुर, बिहार के रहने वाले हैं और वर्तमान में रायपुर क्षेत्र में रह रहे थे।
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को रिंग रोड स्थित होटल पर्ल एवेन्यू के पास रहने वाले शफीक ने थाना रायपुर में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनके साले जानिसार खान के साथ 7 सितंबर को रायपुर स्थित राजीव नागलिया के प्लॉट के पास विकास उर्फ विक्कू और उसके अन्य साथियों ने मारपीट की थी। मारपीट में जानिसार को गंभीर चोटें आई थीं।![]()
परिजनों का आरोप है कि चोटों के बाद जानिसार की तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। 13 सितंबर की सुबह वह अपने कमरे में मृत अवस्था में मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
थाना रायपुर प्रभारी संजीत कुमार के अनुसार, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विकास साहनी उर्फ विक्कू निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार और सोनू साहनी निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार को लाडपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी वर्तमान में रायपुर क्षेत्र में रह रहे थे।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले में पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
