DEHRADUNSSP Dehradun

अभद्र सोशल मीडिया पोस्ट के विरोध में एसएसपी कार्यालय पर कांग्रेस का धरना, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

देहरादून, 14 सितंबर 2026।

 

भारत केसरी

कांग्रेस की महिला नेत्री स्वाति नेगी के खिलाफ सोशल मीडिया पेज ‘वसूली अभियान मोर्चा’ द्वारा कथित तौर पर की गई अभद्र एवं आपत्तिजनक पोस्ट के विरोध में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देहरादून स्थित एसएसपी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेसजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले में तत्काल जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

 

धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर पूरे मामले पर कड़ी आपत्ति जताई। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि सोशल मीडिया के माध्यम से किसी महिला की सामाजिक और राजनीतिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को मामले में शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।

 

महिला सम्मान से समझौता नहीं: ज्योति रौतेला

 

महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि महिलाओं की गरिमा और सम्मान से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने दोषियों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की।

 

वहीं, कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर ने कहा कि सोशल मीडिया की आड़ में चरित्र हनन और भ्रामक प्रचार करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोषियों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

 

पहले भी आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने का आरोप

 

कांग्रेसजनों ने आरोप लगाया कि ‘वसूली अभियान मोर्चा’ नामक सोशल मीडिया पेज द्वारा पूर्व में भी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ आपत्तिजनक एवं भ्रामक सामग्री प्रसारित किए जाने के मामले सामने आए हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ऐसे लोगों के हौसले बढ़ रहे हैं।

 

कांग्रेसजनों ने पुलिस प्रशासन से राजनीतिक दबाव से ऊपर उठकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई करने की मांग की।

 

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

 

धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि महिलाओं के सम्मान, सामाजिक गरिमा और राजनीतिक प्रतिष्ठा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र और उचित कार्रवाई नहीं हुई तो कार्यकर्ता आगे भी धरना-प्रदर्शन करते हुए व्यापक आंदोलन करेंगे।

 

धरने में महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर, पिया थापा, पार्षद बंटी गुप्ता, संग्राम सिंह पुण्डीर, पार्षद इतात खान, मोहन काला, नितिन चंचल, सोनिया आनंद, रितेश छेत्री, सुरभि शाह, तेजस्वी राणा, संजय शर्मा, अमनदीप सिंह, प्रियांशु, वंश, मोहित मेहता, जगदीश धिमान और याकूब सिद्दीकी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महिलाओं के सम्मान की लड़ाई में उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।