DEHRADUNSSP Dehradun

साइबर अपराधों से बचाव के लिए चली दून पुलिस की पाठशाला, प्रशिक्षणाधीन प्रशिक्षुओं को किया जागरूक

देहरादून, 14 सितंबर 2026।

भारत केसरी

साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के बीच दून पुलिस ने आमजन को जागरूक करने के लिए जनजागरूकता अभियान तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर साइबर सेल की टीम ने सोमवार को सुद्धोवाला, प्रेमनगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय वित्तीय प्रशासन, प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान में राज्य लोक सेवा आयोग के प्रशिक्षणाधीन प्रशिक्षुओं को साइबर अपराधों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी।

 

साइबर ठगी से बचने के बताए तरीके

 

अभियान के दौरान साइबर सेल की टीम ने प्रशिक्षुओं को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। पुलिस अधिकारियों ने विशेष रूप से बैंक खातों से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने की सलाह दी।

प्रशिक्षुओं को बताया गया कि ओटीपी, एटीएम पिन, क्यूआर कोड सहित बैंकिंग से जुड़ी संवेदनशील जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। इसके साथ ही सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

 

ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत

 

पुलिस टीम ने साइबर ठगी का शिकार होने की स्थिति में समय गंवाए बिना इसकी सूचना संबंधित पुलिस थाने, साइबर सेल अथवा साइबर हेल्पलाइन पर देने की अपील की। अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराध की सूचना जितनी जल्दी पुलिस तक पहुंचेगी, ठगी की रकम को रोकने और आवश्यक कार्रवाई करने की संभावना उतनी ही बढ़ जाती है।

 

प्रशिक्षुओं की जिज्ञासाओं का किया समाधान

 

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणाधीन प्रशिक्षुओं ने साइबर अपराधों से संबंधित कई सवाल पुलिस अधिकारियों के सामने रखे। अधिकारियों ने उनके सवालों के जवाब देते हुए साइबर सुरक्षा से जुड़ी भ्रांतियों को दूर किया और ऑनलाइन लेनदेन तथा सोशल मीडिया के इस्तेमाल में सतर्कता बरतने की सलाह दी।

 

दून पुलिस के प्रयासों की सराहना

 

प्रशिक्षुओं ने दून पुलिस की ओर से चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान की सराहना की और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

 

दून पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के साथ-साथ नशे के दुष्प्रभावों के प्रति भी आमजन को जागरूक करने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य लोगों को जागरूक कर साइबर ठगी और अन्य अपराधों से बचाव के प्रति सजग बनाना है।