जल जीवन मिशन की लंबित योजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता से पूरा करें: डीएम
देहरादून, 15 सितंबर 2026। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मंगलवार को जल जीवन मिशन के तहत जनपद में संचालित पेयजल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूर्ण हो चुकी योजनाओं का थर्ड पार्टी निरीक्षण (टीपीआई) कराते हुए वित्तीय समापन की कार्रवाई समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। वहीं लंबित योजनाओं के शेष कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
23 योजनाओं पर काम जारी
जिलाधिकारी ने कहा कि जल जीवन मिशन के द्वितीय चरण की लंबित परियोजनाओं में तेजी लाई जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूरे किए जाएं। उन्होंने पूर्ण योजनाओं का शीघ्र टीपीआई कराने के साथ संबंधित गांवों में ‘हर घर जल’ प्रमाणन की प्रक्रिया भी तेजी से पूरी करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप योजनाओं की प्रगति सुनिश्चित की जाए, ताकि परियोजनाओं के लिए आवश्यक केंद्रीय धनराशि समय पर प्राप्त हो सके।
बैठक में जल जीवन मिशन के नोडल अधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 1,29,491 ग्रामीण परिवारों में से 1,29,449 परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराया जा चुका है।
मिशन के प्रथम चरण की सभी 333 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। वहीं द्वितीय चरण की कुल 760 योजनाओं में से 737 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि 23 योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। इनमें तीन योजनाएं वन भूमि संबंधी स्वीकृतियां लंबित होने के कारण प्रभावित हैं।
586 गांवों को मिला ‘हर घर जल’ प्रमाणन
अधिकारियों ने बताया कि जनपद के कुल 635 गांवों में से 586 गांवों को ‘हर घर जल’ प्रमाणन प्राप्त हो चुका है। शेष 49 गांवों में प्रमाणन की प्रक्रिया पूरी की जानी है।
इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रमाणन प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो और शेष गांवों में आवश्यक कार्रवाई जल्द पूरी की जाए।

गुणवत्ता और निगरानी पर जोर
डॉ. आशीष चौहान ने योजनाओं की गुणवत्ता एवं प्रगति की नियमित निगरानी के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक सुरक्षित एवं पर्याप्त पेयजल पहुंचाना जल जीवन मिशन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में अधीक्षण अभियंता जल निगम आर.के. जैन, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान (ग्रामीण) नमित रमोला, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता राजेन्द्र लाल, अधिशासी अभियंता राजेश कुमार निर्वाल, एसीएफ अभिषेक मैठाणी, एडीपीआरओ संजय बड़ोनी सहित जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के नामित सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
