DEHRADUNUttrakhand

पवन खेड़ा के आरोपों पर भाजपा का पलटवार, हनी पाठक बोले- उत्तराखंड में नहीं चलेगी झूठ की दुकान

देहरादून, 17 सितंबर। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की ओर से उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर लगाए गए आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक ने कांग्रेस पर प्रदेश की जनता को भ्रमित करने और सरकार के कामकाज को लेकर गलत जानकारी फैलाने का आरोप लगाया।

हनी पाठक ने कहा कि दिल्ली जाकर उत्तराखंड की भाजपा सरकार के खिलाफ भ्रम फैलाने वालों की “झूठ की दुकान” प्रदेश में नहीं चलने दी जाएगी। पवन खेड़ा के बयानों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “PSU का मतलब पुष्कर सेलिंग उत्तराखंड नहीं, बल्कि पवन खेड़ा Spreading Untruth in Uttarakhand है।” उन्होंने कांग्रेस नेता के बयानों को दकियानूसी बताया।No photo description available.

86 में से 84 नियम बदलने के आरोप पर सवाल

पवन खेड़ा के 86 में से 84 नियम बदले जाने संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए हनी पाठक ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को पहले आंकड़े और गणित समझना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस के लंबे शासनकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस पार्टी ने छह दशक से अधिक समय तक देश में शासन किया, वह आज भाजपा सरकार के कामकाज पर सवाल उठा रही है।

उन्होंने क्रिकेट का उदाहरण देते हुए कांग्रेस पर तंज कसा और कहा कि टी-20 पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस बताए कि उसने कितने “जीरो” बनाए हैं।

टेंडर में पारदर्शिता का दावा

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि उत्तराखंड में सभी टेंडर पारदर्शिता और निर्धारित नियमों के तहत किए गए हैं। उन्होंने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि वह ऐसा कोई हाइड्रो प्रोजेक्ट बताए, जिससे प्रदेश में निवेश आया हो लेकिन विकास नहीं हुआ हो।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसा दस्तावेज भी सामने रखे, जिससे यह साबित हो कि राज्य को राजस्व और युवाओं को रोजगार नहीं मिला। हनी पाठक के अनुसार, प्रदेश में 40 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है।

भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस का दावा

हनी पाठक ने कहा कि धामी सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के मामलों में 200 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है, जबकि कई लोगों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई भी हुई है।

उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के फैसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने ऐसे कड़े निर्णय लिए हैं, जिन्हें भाजपा पूरे देश के लिए उदाहरण के तौर पर प्रस्तुत करती है।

यूसीसी का भी किया जिक्र

भाजपा प्रवक्ता ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू किए जाने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड यूसीसी लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है।

हनी पाठक ने कांग्रेस नेताओं से आरोप लगाने से पहले तथ्यों और दस्तावेजों के साथ सामने आने को कहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उनके द्वारा दिए गए चैलेंज को स्वीकार करे और आरोपों के समर्थन में दस्तावेज प्रस्तुत करे, इसके बाद ही इस मुद्दे पर आगे बात हो।