ऋषिकेश में दो दिवसीय खंडस्तरीय संस्कृत स्पर्धा का शुभारंभ, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
ऋषिकेश, 23 सितंबर 2026। उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम्, उत्तराखंड सरकार, हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित ‘अष्टादश संस्कृतमहोत्सवः’ के तहत विकासखंड डोईवाला की दो दिवसीय खंडस्तरीय संस्कृत स्पर्धा का बुधवार को श्री जयराम संस्कृत महाविद्यालय, ऋषिकेश में शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शम्भू पासवान ने दीप प्रज्वलित कर किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि संस्कृत महज एक भाषा नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा, संस्कृति, संस्कार और आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि संस्कृत के संरक्षण और संवर्धन के लिए इस तरह की प्रतियोगिताएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
महापौर ने कहा कि संस्कृत स्पर्धाओं के माध्यम से विद्यार्थियों में भाषा के प्रति रुचि बढ़ती है और उन्हें भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ने का अवसर भी मिलता है। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नाटक से लेकर श्लोकोच्चारण तक दिखी प्रतिभा
प्रतियोगिता के पहले दिन कनिष्ठ वर्ग की विभिन्न संस्कृत स्पर्धाएं आयोजित की गईं। इनमें संस्कृत नाटक, संस्कृत वाद-विवाद, संस्कृत समूहगान, संस्कृत आशुभाषण, संस्कृत समूहनृत्य और श्लोकोच्चारण प्रमुख रहे।
विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ प्रतिभाग किया और संस्कृत भाषा के प्रति अपनी प्रतिभा एवं रुचि का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में गोपालाचार्य जी महाराज के साथ अशोक शर्मा, प्रदीप शर्मा, प्रधानाचार्य जनार्दन बेलवाल, पूर्व प्रधानाचार्य मायाराम, डीएसबी स्कूल के प्रधानाचार्य शिव सहगल और जयेंद्र रमोला मौजूद रहे।
अतिथियों ने प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए संस्कृत भाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार की आवश्यकता पर विचार रखे।
24 सितंबर को वरिष्ठ वर्ग की प्रतियोगिताएं
प्रतियोगिता के आयोजन में खंड संयोजक डॉ. सूर्यप्रकाश रतूड़ी, प्रधानाचार्य विजय जुगलान तथा खंड शिक्षा अधिकारी एवं मार्गदर्शक श्रीमती शिवानी कौशल का विशेष सहयोग रहा।
आयोजकों के मुताबिक, 24 सितंबर 2026 को वरिष्ठ वर्ग की विभिन्न संस्कृत प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं के बाद दोपहर 3 बजे पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह होगा।
